ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह चौटाला का बड़ा दावा, कहा - राजस्थान और मध्य प्रदेश में बनेगी भाजपा की सरकार

10/12/2023 6:48:02 PM

सिरसा (सतनाम सिंह) : पिछले दिनों चुनाव आयोग द्वारा देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के एलान के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। हरियाणा में भी सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। हरियाणा के साथ लगते राजस्थान में भी विधानसभा चुनाव है हरियाणा के नेता, विधायक और मंत्री चुनावों को लेकर सक्रिय हो गए हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने भी मजबूत दावा किया है। मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने राजस्थान और मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का दावा किया है। मंत्री रणजीत सिंह चौटाला आज सिरसा के रेस्ट हाउस में जनता दरबार में सुनवाई करने के बाद मीडिया से रूबरू हो रहे थे। 

मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने दावा किया है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों में से राजस्थान, मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। तीन राज्यों में उनके पास अभी तक कोई जानकारी नहीं है फिर भी भाजपा बाकि तीन राज्यों में भी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में इस बार जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करेगी और भाजपा को शासन सौंपेगी। मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि अगर पार्टी आदेश करेगी तो वे राजस्थान में भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके साथ ही अगर राजस्थान में जजपा का भाजपा के साथ गठबंधन हुआ तो जजपा के पक्ष में भी प्रचार करेंगे। राजस्थान में जनता बदलाव चाहती है। गहलोत सरकार के जाने का समय आ गया है। 

बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने दावा किया है कि हरियाणा में लगातार  महकमे में सुधार हो रहा है। घरों की छतों से जाने वाली तारों को दुरुस्त किया जाएगा। जोहड़, स्कूलों, छतों और पार्क में उपर से जाने वाली तारों को हटा रहे हैं। इस योजना के तहत 151 करोड़ का खर्चा आएगा। इसके अलावा मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने दावा किया है कि लाल डोरे से 3 किलोमीटर के दायरे में आने वाली ढाणी, डेरे को बिजली कनेक्शन देंगे। 3 किलोमीटर दायरे से बाहर रहने वाले गांवों को भी बिजली देंगे। 

50 फीसदी खर्च सरकार वहन करेगी और 50 फीसदी पंचायत वहन करेगी। बिजली का लोड बढ़ाने के लिए किसानों की मांग को पूरा किया है। सीएम से बातचीत के बाद लोड बढ़ाने को मंजूरी मिली है। पेमेंट चार्ज करने के बाद लोड बढ़ाने की योजना को पूरा किया जाएगा।  प्रदेश में सोलर पंप लगाने की योजना को अंतिम रूप दिया है। इस साल के अंत तक 70 हजार सोलर पंप लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सोलर पंप लगाने में देश में राजस्थान के बाद हरियाणा दूसरे नंबर पर आया है। मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि बाढ़ और गुलाबी सुंडी से ख़राब हुई फसलों का जल्द  मुआवजा मिलेगा। 30 नवंबर तक किसानों को मुआवजा मिलेगा।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Mohammad Kumail