खून से रंगे भाजपा के हाथ:सुरजेवाला

6/20/2017 11:19:04 AM

रेवाड़ी (वधवा):कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर प्रदेश महासचिव चिरंजीव राव द्वारा शांति देवी एजुकेशनल ट्रस्ट सहारनवास में लगाए गए रक्तदान शिविर के मौके पर बतौर मुख्यातिथि पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, जवानों व कर्मचारियों पर अत्याचार कर रही है।

भाजपा के हाथ किसानों के खून से रंगे हैं। मोदी, मौन मोदी बनकर योग की रचना में लगे हैं। सरकार 7 उद्योगपतियों के 1.45 लाख करोड़ रुपए माफ कर चुकी है और 19 उद्योगपतियों के 2.56 लाख करोड़ रुपए माफ करने जा रही है लेकिन किसानों के 2 लाख करोड़ रुपए माफ नहीं कर सकती। सुरजेवाला ने प्रदेश कांग्रेस के 2 धड़ों में बंटे होने पर कहा कि रास्ते 2 हैं लेकिन मंजिल एक है।

उन्होंने कहा कि अक्तूबर तक ब्लॉक से लेकर प्रदेश तक संगठन का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एस.वाई.एल. का निर्माण करवाएं और पानी दिलवाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की आवाज उठाने में निर्णायक भूमिका कै. अजय यादव की रही है। इस दौरान पूर्व मंत्री कै. अजय ने भी रक्तदान किया और कुल 80 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।