भाजपा ने अढ़ाई साल में किया नाश:तंवर

5/3/2017 8:12:49 AM

कैथल (गौरव):कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने भाजपा सरकार के हरियाणा में अढ़ाई साल के कार्यकाल पर तंज कसते हुए कहा है कि सरकार ने अढ़ाई साल में हरियाणा का नाश कर दिया है और आने वाले 5 सालों में सत्यानाश कर देगी। भाजपा सरकार का अढ़ाई वर्ष का शासनकाल पूरी तरह से खोखला व हरियाणा की जनता के लिए कष्ट भरा रहा है। टूरिज्म कॉम्पलैक्स में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा में अपराध बढ़ रहे हैं व कानून व्यवस्था चौपट है। 

बलात्कार की घटनाएं, दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। आज ही जींद में एक लड़की को उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मुख्यमंत्री से पूछना चाहेंगे कि क्या वे कानून व्यवस्था में सुधार करते हुए उस पर संज्ञान भी लेंगे या केवल अढ़ाई साल में 4 बार डी.जी.पी. बदलकर खानापूॢत करने का कार्य करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष डा. तंवर ने कहा कि बड़े दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि आज हरियाणा में हालात यह है कि आज किसान, मजदूर, नौजवान, छोटा व्यापारी सभी इस सरकार से दुखी है व यह सरकार महापूंजीपतियों की सरकार बनकर रह गई है। भू-माफियाओं को खत्म करने की बजाय आज हरियाणा सरकार उन्हीं की सबसे बड़ी पोषक बन गई है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदले जाने के सवाल पर डॉ. तंवर नेे कहा कि वे खुलेआम सड़कों पर घूमकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत कर रहे हैं और जन सलाह बताता है कि जनता किसके साथ है। कांग्रेस आलाकमान ने जो जिम्मेदारी प्रदेशाध्यक्ष के रूप में उन्हें सौंपी है, उसका निर्वाह पूरी ईमानदारी के साथ कर रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष को लेकर विपक्षी जिस तरह की अटकलें लगा रहे हैं, वह महज सियासी एक ड्रामा है और जनता उनके ड्रामा को समझ चुकी है।