भाजपा ने जनता को गुमराह कर हासिल की सत्ता : अभय चौटाला

11/30/2018 9:26:58 AM

रानियां(वर्मा): विदेशों से कालाधन वापस लाने, किसानों के लिए स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने व 2 करोड़ लोगों को नौकरी देने सहित 156 वायदे कर सत्तासीन हुई थी लेकिन सत्ता में आने के बाद एक भी वायदा पूरा नहीं किया। न तो स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू की गई, न ही विदेशों में जमा कालाधन आया और न ही युवाओं को नौकरी मिली। देश की पढ़ा-लिखा युवा नौकरी की तलाश में भटक रहा है। भाजपा ने केवल लोगों को गुमराह करने का काम किया है। यह बात अभय सिंह चौटाला ने जिला पार्षद जरनैल सिंह चंदी के निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।

चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार की पोल खोलने के लिए व भाजपा के राज में प्रदेश में बढ़े अत्याचार, कर्मचारियों पर लगाए गए अस्मा, जी.एस.टी., नोटबंदी व एस.वाई.एल. इत्यादि मुद्दे को लेकर वे 1 दिसम्बर से पूरे प्रदेश में अधिकार यात्रा शुरू करेगी और इस दौरान के लोगों के समक्ष जाकर भाजपा का पर्दाफाश करेंगे। उन्होंने कहा कि सत्तासीन होने के पहले जनता के साथ भाजपा ने वायदा किया था कालाधन वापस लाकर प्रत्येक व्यक्ति के खाते में जन-धन योजना के तहत 15-15 लाख रुपए डाले जाएंगे लेकिन आज तक एक भी पैसा लोगों के खाते में जमा नहीं हुआ। 

उन्होंने कहा कि भाजपा की किसान विरोधी नीतियों के कारण किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना के तहत किसानों के खाते से पैसे काटे जा रहे हैं तथा उन्हें मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है। तेल की बढ़ती कीमतों पर भी उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि यह किसान ही नहीं बल्कि आम आदमी की जेब पर डाका है। उन्होंने इनैलो-बसपा गठबंधन पर कहा कि यह गठबंधन 2 दिलों का मेल है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर 1987 का इतिहास दोहराएंगे और इनैलो-बसपा गठबंधन प्रदेश में जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनैलो की सरकार बनने पर किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे, गरीब की बेटी की पढ़ाई-लिखाई का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। 

Rakhi Yadav