कर्नाटक चुनाव परिणाम के बाद भाजपा हाईकमान का फोकस हरियाणा पर

5/16/2018 10:14:22 AM

चंडीगढ़(बंसल/पांडेय): हरियाणा के राजनीतिक हालात को लेकर भाजपा हाईकमान काफी गंभीर है जिसके चलते कर्नाटक चुनाव परिणाम के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का फोकस हरियाणा पर रहेगा। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्री जल्द ही हरियाणा का दौरा कर उनके विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लेंगे। हरियाणा सरकार तथा पार्टी संगठन कई दिन से चुनावी मोड में दिखाई दे रहा है। 

सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा जल्द हो सकता है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा से मिशन 2019 की शुरूआत पहले ही कर चुके हैं। भाजपा गलियारों की चर्चाओं को मानें तो शाह की जींद रैली के बाद ही हाईकमान ने यह तय किया था कि अब हरियाणा में तमाम राजनीतिक गतिविधियों को हाईकमान के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। 

कर्नाटक में भाजपा हाईकमान ने पूरा चुनाव अपने बल पर लड़ा है। अब हरियाणा में भी इसी रणनीति को अपनाया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा में चलाई जा रही योजनाओं का अब संबंधित केंद्रीय मंत्री यहां के मंत्रियों के साथ बैठक कर न केवल खुद रिव्यू करेंगे, बल्कि भाजपा अपने-आपको संगठनात्मक रूप से भी मजबूत करेगी।

Rakhi Yadav