भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे प्यार से BJP में है बौखलाहट: कुमारी सैलजा

9/15/2022 6:47:12 PM

हिसार(विनोद): कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बीजेपी लगातार हमलावर है। भाजपा के इस हमले पर पलटवार करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को देश के हर वर्ग का भरपूर समर्थन मिल रहा है। राहुल गांधी को देश भर में मिल रहे अपार जनसमर्थन से भाजपा पूरी तरह से बौखला गई है। भाजपा ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। इसके बावजूद राहुल गांधी पीछे हटने वाले नहीं हैं। किसी से दबने वाले नहीं है। यही नहीं इस दौरान सैलजा ने कहा कि आप और भाजपा एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं।

 

सैलजा बोली, मील का पत्थर साबित होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा

 
हिसार में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त देश आज भारत जोड़ो यात्रा के जरिए एकजुट हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देश के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी। सैलजा ने कहा कि सत्ताधारी बीजेपी द्वारा देश को धर्म के नाम पर बांटने का काम किया जा रहा है। आज हर वर्ग बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रहा है। लोगों के कारोबार चौपट हो गए हैं। लोगों की नौकरियां जा रही हैं। मगर सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर कच्चे तेल के दाम लगातार कम होने के बावजूद भी देश की जनता को इसका कोई लाभ नहीं दिया जा रहा है। लगातार बढ़ रही महंगाई से लोगों की थाली से दाल-रोटी भी गायब होने लगी हैं।

 

अच्छे दिन का सपना दिखाकर भाजपा ने जनता से किया धोखा: सैलजा

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि देश के साथ हरियाणा में भी बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच गई है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिर रहा है। सैलजा ने कहा कि जिस तरह से सपने दिखा कर भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र की सत्ता हासिल की थी, उन्हें पूरा करने के लिए साढ़े आठ साल में अभी तक कोई काम नहीं किया गया है। अच्छे दिन का सपना दिखाकर भाजपा ने बेरोजगारी और महंगाई को बेहद उच्च स्तर पर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दोनों की नाकाम और विफल नीतियों के कारण बेरोजगारी के मामले में हरियाणा के हालात बेहद खराब हैं। कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में सरकारी नौकरी की भर्तियों में सरेआम भ्रष्टाचार चल रहा है। भर्तियों के घोटालों में नेताओं की संलिप्तता भी साफ नजर आ रही है। इसके बावजूद सरेआम भ्रष्टाचार का खेल लगातार जारी है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan