राज्यसभा चुनाव हरियाणा में भाजपा-जजपा का गठबंधन! दुष्यंत चौटाला ने दिया ये बयान

3/7/2020 8:05:43 PM

नई दिल्ली (कमल कंसल): हरियाणा से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए शुक्रवार को नोटिफिकेशन जारी हो गया। नोटिफिकेशन जारी होते ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीदवार 13 मार्च तक नामांकन कर सकते हैं। उधर, चर्चा है कि हरियाणा में खाली हुई राज्यसभा की सीटों पर भाजपा-जजपा गठबंधन के अनुसार अपना उम्मीदवार उतार सकती है, जिस पर हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रतिक्रिया दी है।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर संगठन फैसला करेगा, राज्य में गठबंधन की सरकार है, दोनों संगठन साथ बैठकर इसपर चर्चा करेंगे। बता दें कि हरियाणा में कुमारी सैलजा और रामकुमार कश्यप की सीट का कार्यकाल पूरा हो रहा है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह द्वारा इस्तीफा दे दिए जाने के बाद उनकी खाली हुई सीट पर उपचुनाव होगा। उनकी सीट के लिए नोटिफिकेशन बाद में जारी किया गया था। सैलजा और रामकुमार की खाली सीट का नोटिफिकेशन 17 राज्यों की 55 सीटों के साथ किया गया था।

विधानसभा चुनाव से पहले कश्यप ने दिया था इस्तीफा 
इनेलो से राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप ने भी इस्तीफा दे दिया था। रामकुमार ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली थी। उन्होंने इंद्री विधानसभा से भाजपा की सीट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी। कश्यप का कार्यकाल 9 अप्रैल को खत्म हो रहा था। वहीं दूसरी सीट कुमारी सैलजा की है। सैलजा का कार्यकाल भी 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। 

Shivam