भारत जोड़ो यात्रा को बीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस के लिए बताया फायदेमंद, 2024 के लिए BJP को किया आगाह

1/3/2023 10:14:13 AM

रोहतक(दीपक): भारत जोड़ो यात्रा को लेकर सरकार के हमले के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता बीरेंद्र सिंह ने राहुल गांधी की यात्रा को कांग्रेस के लिए फायदेमंद बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेशों में लगातार चुनाव हारने के कारण कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं का मनोबल टूट रहा था। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस को उभरने में फायदा जरूर मिलेगा।

 

कांग्रेस की वर्तमान स्थिति के लिए हाईकमान को बताया जिम्मेदार

 

बीरेंद्र सिंह ने कहा कि वे 40 साल कांग्रेस में रहे हैं। कांग्रेस की वर्तमान स्थिति के लिए हमेशा हाईकमान जिम्मेदार रहा है। हाईकमान ने प्रदेश सरकारों में कभी भी चेक एंड बैलेंस की स्थिति नहीं रखी। अगर हाईकमान प्रदेश सरकारों की मनमानी पर लगाम लगा देती तो आज कांग्रेस की यह दशा न होती और बड़े-बड़े नेता पार्टी छोड़कर जाने के लिए मजबूर नहीं होते। बीजेपी नेता ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के प्रत्येक मुख्यमंत्री ने सत्ता का केंद्रीकरण किया है। अगर वह सत्ता का विकेंद्रीकरण करते तो कांग्रेस के बड़े-बड़े लीडर पार्टी छोड़कर नहीं जाते।

 

2024 को लेकर कही बड़ी बात, बोले- कमल खिलाने में काम आएगा मेरा अनुभव

 

वहीं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हुड्डा ने तो हमेशा अपने आप को ही कांग्रेस माना है। उन्होंने कभी पार्टी को कांग्रेस माना ही नहीं। यही कारण है कि आज कांग्रेस बिखरी हुई है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को आगाह करते हुए कहा कि उनका काफी लंबा तजुर्बा है और बीजेपी को उसका लाभ लेना चाहिए। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उनका अनुभव 2024 के रण में बीजेपी की जीत के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। अगर भारतीय जनता पार्टी उनकी बातों पर अमल करती है, तो हरियाणा में तीसरी बार भी कमल खिलेगा, वरना भारतीय जनता पार्टी की गाड़ी अटक सकती है। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

Content Writer

Gourav Chouhan