भाजपा नेता प्रवेश मेहता ने थामा कांग्रेस का दामन, पार्टी बदलते ही किए ताखे वार(Video)

7/12/2018 6:25:31 PM

फरीदाबाद(अनिल राठी): भाजपा की नीतियों से आहत होकर फरीदाबाद के 30 साल पुराने भाजपा नेता प्रवेश मेहता ने नई दिल्ली में कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने उन्हें व उनके समर्थकों को पार्टी में शामिल किए जाने की घोषणा की। मेहता ने भाजपा के नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि फरीदाबाद के विधायक और मंत्री दोनों हाथों से अपनी झोली भरने में लगे हुए हैं। क्योंकि उन्हें पता है कि दोबारा उन्हें सत्ता नहीं मिलेगी। 

उन्होंने सीएम खट्टर के लिये कहा कि भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया जिसे विधानसभा की भी जानकारी नहीं है। भाजपा विपक्ष की भूमिका अच्छी निभाती है विपक्ष में ही रहनी चाहिये। मेहता ने आरोप लगाया हैं कि मंत्री का भतीजा मंत्री चाचा की आड़ में सरेआम जेब भर रहा है।

प्रवेश मेहता फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के 30 साल पुराने नेता रहे हैं। वह चार बार मंडल अध्यक्ष के अलावा जिला भाजपा में सचिव, महासचिव, उपाध्यक्ष सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रहे। वर्ष 2000 में उनकी पत्नी प्रवीण कुमारी भाजपा की टिकट पर चुनाव जीतीं तो 2005 में खुद प्रवेश मेहता भाजपा की टिकट पर पार्षद बने। 2009 में भाजपा ने उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाया। इसमें उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान पाया था। 

हालांकि 2014 में जब पार्टी ने उनकी टिकट काटकर विपुल गोयल को दी तो मेहता ने बगावत कर दी और भाजपा छोड़कर इनेलो का दामन थाम लिया। इनेलो के टिकट पर मेहता ने विधानसभा का चुनाव लड़ा तो उन्हें तीसरे नंबर पर ही संतोष करना पड़ा। मगर उन्होंने 11 माह के बाद ही विपुल गोयल के माध्यम से ही भाजपा में वापसी की। प्रवेश मेहता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा भाजपा की नीतियों ने उन्हें आहत किया है। उन्हें मान सम्मान नहीं दिया गया। इसलिये वह कांग्रेस की ओर गये हैं। 

 

Rakhi Yadav