मोदी के मंत्री रहे बीरेंद्र सिंह का बड़ा ऐलान- किसान बुलाएंगे तो धरने पर आकर दूंगा समर्थन

12/18/2020 7:33:09 PM

रोहतक (दीपक): हरियाणा के दिग्गज जाट नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने आज मीडिया से रूबरू होते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में अगर उन्हें बुलाया गया तो वे धरना स्थल पर भी जाकर किसानों को समर्थन देंगे। चौधरी बीरेंद्र के मुताबिक, किसानों का आंदोलन बिल्कुल जायज है।

चौधरी बीरेंद्र सिंह आज रोहतक में छोटूराम विचार मंच को समर्थन देने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस की, इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन को समर्थन करने के लिए छोटूराम विचार मंच ने रणनीति बनाई है। दिल्ली के चारों ओर के जिलों में छोटूराम विचार मंच भूख हड़ताल करेगा। किसान आंदोलन के समर्थन में यात्राएं निकाली जाएंगी।

बीरेंद्र सिंह ने कहा कि छोटूराम विचार मंच किसानों के आंदोलन के साथ है, वे किसान यूनियन के नेताओं से बात करेंगे और यदि किसान बुलाएंगे तो वे धरना स्थल पर भी जाकर किसानों को समर्थन देंगे। उन्होंने कहा कि जीएसटी की तर्ज पर कृषि कानूनों में बदलाव किया जाना चाहिए।

वीरेंन्द्र सिंह ने हरियाणा कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 5-6 लोगों ने कब्जा कर रखा है, कांग्रेस मठाधीशों की पार्टी है, वे आंदोलन हाईजैक नहीं कर सकते। वहीं जेजेपी को लेकर कहा कि एक तरफ किसानों का और दूसरी तरफ सत्ता का प्रेशर है, अब जेजेपी को फैसला करना है।

Shivam