भाजपा के नेताओं का पार्टी छोड़ कांग्रेस में जाने की अटकलों पर लगा विराम

3/19/2021 11:28:55 AM

जींद (संदीप); प्रदेश के पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित 5 सांसदों द्वारा भाजपा छोड़ कांग्रेस में जाने की अटकलों पर वीरवार को उस समय विराम लगता दिखाई दिया जब उक्त सभी नेताओं ने पार्टी छोडऩे का खंडन किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह सहित प्रदेश के भाजपा सांसदों बृजेंद्र सिंह, धर्मबीर सिंह, अरविंद शर्मा, रमेश कौशिक, नायब सैनी व पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद राव इंद्रजीत सिंह द्वारा पार्टी छोड़ कांग्रेस में जाने की अटकलों पर उस समय विराम लगता दिखाई दिया जब इन सभी नेताओं और उसके समर्थकों ने पार्टी छोडऩे का सिरे से खंडन किया।

गौरतलब है कि पूर्व राज्यसभा सदस्य बीरेंद्र सिंह भाजपा सरकार में ग्रामीण विकास मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री बनाए गए थे जिनका बाद में मंत्रालय बदला गया और उन्हें इस्पात मंत्रालय थमाया गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा से अपना त्याग पत्र दे दिया था और अपने पुत्र बृजेंद्र सिंह से प्रशासनिक सेवा की नौकरी छुड़वाकर उनका राजनीति में प्रवेश करवाकर उन्हें भी भाजपा ज्वाइन करवाई थी। इसके बाद लोकसभा चुनावों में बृजेंद्र सिंह को हिसार से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारा गया और वह सांसद चुन लिए गए। वहीं धर्मबीर सिंह भाजपा से महेंद्रगढ़ भिवानी लोकसभा क्षेत्र से, अरविंद शर्मा रोहतक लोकसभा क्षेत्र से, रमेश कौशिक सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से व नायब सैनी कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद चुने गए थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद चुने गए थे। 

वीरवार को इन सभी नेताओं ने कहा कि वे भाजपा से लोगों के वोट लेकर सांसद चुने गए हैं और उनका भाजपा छोड़ किसी पार्टी में जाने का कोई विचार नहीं है। इन सभी भाजपा सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में अपनी पूर्ण आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा सरकार लोकहित में उचित निर्णय ले रही है जिनका वे समर्थन करते हैं। उन्होंने भाजपा को लोकतांत्रिक पार्टी बताया। उन्होंने उनके पार्टी छोडऩे की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उक्त नेताओं के इस बयान के बाद लोगों की सभी चर्चाओं व अटकलों पर अब विराम लगा  दिया।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 
 

Content Writer

Isha