विधायक सीमा त्रिखा के खिलाफ भाजपा नेताओं ने स्वर किए बुलंद

7/29/2019 8:58:45 AM

फरीदाबाद (महावीर): फरीदाबाद जिले के बडख़ल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सीमा त्रिखा की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विधायक सीमा त्रिखा के खिलाफ भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री मनोहरलाल से मिला। मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में राजन मुथरेजा,गजेंद्र भड़ाना, संदीप कौर और राजकुमार वोहरा,अजय डुडेजा,देव सिंह गोसाईं,अरुण सिंह संधु,, प्रमोद पहलवान,सुंदर जांगड़ा शामिल थे। इसके अलावा लगभग 100 भाजपा नेता हरियाणा भवन के बाहर उनके साथ पहुंचे थे। 

भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर वर्तमान भाजपा विधायक की कमियां सामने रखीं और विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट न देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में सही निर्णय का आश्वासन देकर उन्हें भेज दिया। 

‘टिकट को लेकर वही निर्णय लिया जाएगा जो जनहित में हो’
भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि यदि विधानसभा चुनाव में सीमा त्रिखा को टिकट दी गई तो वे चुनाव हार जाएंगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि उनके स्थान पर किसी को भी टिकट दे दिया जाए,तो पार्टी जीत जाएगी। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि टिकट का फैसला केवल उनके हाथ में नहीं है। यह कमेटी को तय करना है इसलिए कार्यकत्र्ताओं की भावनाओं को कमेटी के सामने जरूर रखेंगे। इतना ही नहीं सूत्रों अनुसार मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं को यह भी कहा कि उनके संज्ञान में बडख़ल विधानसभा की पूरी स्थिति पहले से ही है इसलिए टिकट को लेकर वही निर्णय लिया जाएगा जो न केवल पार्टी हित में हो बल्कि जनहित में भी हो।

भाजपा नेताओं ने कहा-विधायक जनहित के कार्यों से हैं दूर 
बडख़ल की भाजपा विधायक सीमा त्रिखा की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। उनकी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता लगातार उनके विरोध में स्वर बुलंद कर रहे हैं। रविवार को दिल्ली में 100 से भी अधिक भाजपा नेताओं व कार्यकत्र्ताओं का प्रतिनिधिमंडल हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री से मिला। इस प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा विधायक सीमा त्रिखा की पोल खोलते हुए उन्हें विधानसभा में टिकट ने देने का आग्रह किया। भाजपा नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि विधायक सीमा त्रिखा क्षेत्र के भाजपा नेताओं की बजाय अन्य पार्टियों के नेताओं को महत्व देती हैं और जनहित के कार्यों से दूर हैं। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को यहां तक कह दिया कि वे अपने स्तर पर इसकी जांच करवा सकते हैं। 

लगातार जारी है विरोध
विधायक सीमा त्रिखा का विरोध उन्हीं की पार्टी के नेताओं द्वारा लगातार जारी है। सीमा त्रिखा के विरोध में भाजपा नेता इससे पूर्व फरीदाबाद के सांसद व भाजपा के केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से दिल्ली में मिलकर भी सीमा त्रिखा का विरोध जता चुके हैं। इसके अलावा राज्यसभा सांसद व हरियाणा के प्रभारी डा.अनिल जैन को भी त्रिखा के खिलाफ भाजपा के अनेक नेता मिलकर विरोध जता चुके हैं।

सूत्रों की मानें तो अपनी ही पार्टी के नेताओं व कार्यकत्र्ताओं का विरोध भाजपा विधायक सीमा त्रिखा को विधानसभा टिकट के लिए परेशानियां पैदा कर सकता है। हालांकि मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में मीडिया से कोई बात नहीं की लेकिन जिस कदर बड़ी संख्या में भाजपा विधायक सीमा त्रिखा के खिलाफ भाजपा नेता व कार्यकत्र्ता हरियाणा भवन पहुंचे थे,उससे अनुमान लगाया जा सकता है कि यह विरोध रुकता नजर नहीं आ रहा। दरअसल, बडख़ल विधानसभा क्षेत्र के भाजपाईयों का कहना है कि क्षेत्र में भाजपा की स्थिति तो ठीक है लेकिन वर्तमान विधायक की स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए यदि प्रत्याशी बदला जाएगा तो भाजपा आसानी से जीत हासिल कर लेगी। 

Edited By

Naveen Dalal