भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेत्री गीता भुक्कल का पुतला फूंका

3/11/2017 10:04:00 AM

भिवानी(पंकेस):भाजपा के महिला मोर्चा ने नेहरू पार्क के शहीद मदनलाल ढींगरा स्मारक स्थल पर विधानसभा में समाज कल्याण मंत्री कविता जैन के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करने के विरोध में कांग्रेस नेत्री गीता भुक्कल का पुतला फूंका। मोर्चा की अध्यक्षा बबीता तंवर के नेतृत्व में महिला कार्यकर्त्ताअों और पदाधिकारियों ने विरोध प्रकट करते हुए गीता भुक्कल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेत्री गीता भुक्कल से सार्वजनिक माफी मांगने की भी मांग की।

 

भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बबीता तंवर ने कहा कि विधानसभा में एक मंत्री के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी से साफ जाहिर है कि कांग्रेस नेत्री औछी मानसिकता से पीड़ित है। उन्होंने कहा कि मंत्री कविता जैन पर टिप्पणी करके भुक्कल ने पूरी नारी जाति का अपमान किया है। भाजपा नेत्री तंवर ने कहा कि कांग्रेस के नेता अभी तक अपनी हार को पचा नहीं पा रहे हैं और अवसाद में आकर अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने इस टिप्पणी को गीता भुक्कल की बौखलाहट बताया।