यमुनानगर में अपराध बढ़ने पर बीजेपी मंत्री और विधायक दें इस्तीफा- कांग्रेस विधायक

5/18/2022 7:41:33 PM

यमुनानगर(सुरेंद्र): जिले में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था को लेकर रादौर से कांग्रेस विधायक बीएल सैनी ने मंत्री कंवरपाल गुर्जर और यमुनानगर से बीजेपी विधायक घनश्याम दास अरोड़ा से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले के हालात ऐसे हैं, कि दोनों को अपने त्यागपत्र मुख्यमंत्री को सौंपने चाहिए। यही नहीं बीएल सैनी ने तो यह तक कह दिया कि अगर मंत्री व विधायक इस्तीफा देते हैं, तो उनसे 5 मिनट पहले वह भी अपना  इस्तीफा दे देंगे। 

विधायक सैनी ने कहा कि वह अधिकारियों को चेतावनी दे रहे हैं कि अपराधियों को तुरंत पकड़ा जाए। वरना 1 सप्ताह में यमुनानगर में गले में ढोल डालकर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यमुनानगर में हालात ऐसे हैं कि हर तीसरे-चौथे दिन किसी ना किसी की हत्या हो रही है। पहले कभी उत्तर प्रदेश और सोनीपत में इस तरह के क्राइम होते थे, लेकिन अब यमुनानगर में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर सकता।

पिछले सप्ताह में हुई 2 बड़ी घटनाएं, लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली

यमुनानगर जिले में आए दिन अपराध की घटना सामने आने से जिलावासी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे। बीते दिन शहर के सबसे व्यस्त बाईपास चौराहे पर अज्ञात आरोपी एक व्यापारी के ड्राइवर को गोली मारकर उसका बैग छीन कर फरार हो गए थे।  50 लाख की लूट और हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों को लेकर सूचना देने वाले के लिए 5 लाख रूपए का इनाम भी घोषित किया। इसके बावजूद भी वारदात के करीब 30 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ एक भी आरोपी नहीं लग पाया है।

वहीं दूसरे मामले में बीती 15 मई को यमुनानगर की बुढिया नहर में नहाने गए युवकों पर करीब तीन दर्जन लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने दिन-दिहाड़े युवकों पर पत्थरों से हमला किया। इस हमले में 5 युवक नहर में बह गए, जिनके शव बरामद करने के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस मामले में भी कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Vivek Rai