BJP विधायक ने कुंवारों के मांगे बायोडाटा, बोली- जुबान की पाबंद हूँ, वचनों से पीछे नहीं हटूंगी
punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 12:20 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : सियासी गलियारों में अक्सर वादे विकास, सड़क और पानी के होते हैं, लेकिन पटौदी से भाजपा विधायक बिमला चौधरी ने निकाय चुनाव की जनसभा में एक ऐसा वादा कर दिया था जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है। हाल ही में चेयरपर्सन चुनाव में भाजपा की जीत के बाद उत्साहित विधायक ने खुले मंच से एलान किया कि अब वे इलाके के कुंवारों के घर बसाने का जिम्मा उठाएंगी। जुबान की पाबंद हूँ, बस बायोडाटा दे दो।
विधायक बिमला चौधरी ने पत्रकारों से बात करते हुए साफ कहा कि वे जो कहती हैं, वो करके दिखाती हैं। चेयरपर्सन तो अब भाजपा की बन गई है, अब अगला नंबर कुंवारों का है। मैं अपनी जुबान की पाबंद हूँ और अपने वचनों से पीछे नहीं हटूंगी। आप बस लड़कों के बायोडाटा लाकर मुझे दे दो, शादी हम करवा देंगे। विधायक ने क्षेत्रीय रिश्तों का हवाला देते हुए कहा कि रेवाड़ी, फरुखनगर, पलवल और पटौदी के बीच पहले भी बहुत शादियां और रिश्ते हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो युवा कुंवारे रह गए हैं, उन्हें भी जल्द ही 'दूल्हा' बना दिया जाएगा।इस दौरान वहां पर मौजूद हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी विधायक के इस अंदाज को देखकर मुस्कुराए बिना नहीं रह सकीं। बिमला चौधरी के बयान का समर्थन करते हुए आरती राव ने मजाकिया लहजे में भीड़ की ओर इशारा कर कहा बिमला चौधरी जी कह रही हैं कि अगर यहाँ भी कोई कुंवारा है, तो देरी मत करो, अपना बायोडाटा सीधे इन्हें थमा दो।
विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जहाँ समर्थक इसे विधायक का जनता के साथ जुड़ाव और अपनापन बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे हल्के-फुल्के अंदाज में "चुनावी रिटर्न गिफ्ट" करार दे रहे हैं।