भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए लोगों को शपथ दिलवा रहे भाजपा विधायक

5/2/2022 7:03:38 PM

अंबाला(अमन): हरियाणा के अंबाला शहर से भाजपा विधायक असीम गोयल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें विधायक एक मंच से सैंकड़ों लोगों को भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की शपथ दिलवाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में जहां भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की शपथ ली जा रही है, वहीं इसके लिए किसी भी प्रकार का बलिदान देने की शपथ भी विधायक सहित कई लोग ले रहे हैं। ऐसे में इन दिनों जब देश में धर्म के नाम पर हिंसक घटनाएं हो रही है तो अंबाला शहर से भाजपा विधायक का यह वीडियो भी चर्चाओं में आ गया है।

इस वीडियो को लेकर विधायक असीम गोयल ने कहा कि यह शपथ आज से लगभग 400 साल पहले छत्रपति शिवाजी महाराज ने ली थी और उसमे कहा गया था कि भारत हिन्दू राष्ट्र है। यही नहीं विधायक ने तो यहां तक कह दिया कि देश में हर धर्म का नागरिक हिन्दू ही है। विधायक ने कहा कि हिन्दू एक धर्म है और ईसाइयत रिलिजन है तो वहीं इस्लाम मज़हब है। विधायक ने कहा कि इस्लाम और ईसाइयत को मानने वाला भी हिन्दू है, बशर्ते वह हिंदुस्तान के प्रति सच्ची श्रद्धा रखता हो। विधायक असीम गोयल ने बताया कि उन्होंने सैंकड़ों लोगों के साथ भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की शपथ ली है। उन्होने कहा कि जब पहले ही धर्म के नाम पर विभाजन हो चुका है, तो आज देश में धर्म के नाम पर दंगे क्यों भड़कते हैं। दीपावली और रामनवमी जैसे त्योहारों पर पत्थरबाज़ी क्यों होती है। विधायक ने तो यहां तक कह डाला कि जिसे भारत में रहना है, उसे हिन्दू राष्ट्र के हिसाब से हिंदुस्तानी बनकर रहना होगा। वहीं शपथ में की गई बलिदान देने की बात के सवाल पर विधायक ने कहा कि यहां बलिदान का मतलब गला काटना नहीं है। बल्कि अपने संसाधनों से मदद करना है। विधायक ने कहा कि हिन्दू धर्म में सभी को साथ लेकर चला जाता है, लेकिन जब धर्म पर बात आती है तो छत्रपति शिवाजी और महाराणा प्रताप अपने धर्म के लिए चुप नहीं बैठे और हम भी उनका ही खून हैं। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

 

Content Writer

Vivek Rai