भाजपा सांसद साक्षी महाराज की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट में एक और याचिका दायर

8/28/2017 4:58:45 PM

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरनी):भाजपा सांसद साक्षी महाराज की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के वकील रणधीर सिंह बधरान ने स्वामी साक्षी महाराज के खिलाफ याचिका दायर कर कोर्ट से आग्रह किया है कि साक्षी के खिलाफ आपराधिक अवमानना का संज्ञान लें। याचिका का मुख्य आधार साक्षी महाराज के उस बयान को बनाया गया गया, जिसमें उन्होंने राम रहीम के केस में फैसले व हिंसा बारे न्यायालय पर टिप्पणी की थी। 

उन्होंने कहा था कि यौन शोषण की एक आदमी ने कंप्लेंट की है। करोड़ों लोग डेरा बाबा को सच्चा मान रहे हैं, भगवान मान रहे हैं। उन्होंने सवाल किए थे कि एक की बात सुनी जा रही है, करोड़ों की क्यों नहीं ? कर्नल पुरोहित के साथ क्या हुआ ? साध्वी प्रज्ञा भारती ठाकुर के साथ क्या हुआ ? तो ये योजनाबद्ध तरीके से साधू सन्यासियों को नहीं भारतीय संस्कृति को बदनाम करने का षड्यंत्र है। उन्होंने कहा था कि करोड़ों लोग उन्हें भगवान मान रहे हैं,उसके लिए जान देने के लिए तैयार हैं। मुझे लगता है कि माननीय उच्च न्यायालय को गंभीरता से इस बात को लेना चाहिए। अगर ज्यादा बड़ी घटनाएं घटती हैं तो इसके लिए केवल डेरा अकेले जिम्मेवार नहीं होंगे न्यायालय भी जिम्मेवार होगा। एक आदमी ने कंप्लेंट की है कि करोड़ों लोग राम रहीम के साथ में खड़े हैं तो एक सही है या करोड़ों सही है ? उन्होंने कहा था कि लोग मर रहे हैं ,दंगे हो रहे हैं तो इसको नहीं देखना चाहिए ?