भाजपा ने की संगठनात्मक चुनाव की तैयारी, गुरुग्राम में होगी प्रदेश कार्यकारिणी बैठक

11/19/2019 12:15:25 AM

चंडीगढ़ (धरणी): भारतीय जनता पार्टी हरियाणा प्रदेश के सभी जिला प्रभारियों की बैठक हुडा कांप्लेक्स रोहतक स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला की अध्यक्षता में हुई। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि 19 20 ओर 21 नवंबर को होने वाली सभी जिला स्तरीय बैठकों में कार्यकर्ताओं के साथ आगामी संगठनात्मक चुनाव की तैयारी के लिए कार्यक्रम बनाए जाएंगे, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसा दल है, जिसमें लोकतांत्रिक तरीके से पार्टी पदाधिकारियों को चुना जाता है।

उन्होंने बताया कि पार्टी के संविधान के अनुसार पदाधिकारी बनने के लिए सबसे पहले पार्टी की सदस्यता ग्रहण करनी होती है फिर पार्टी का सक्रिय सदस्य होना भी जरूरी है। पार्टी लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टी है उसी प्रणाली से संगठन में चुनाव करती है। प्रदेश अध्यक्ष  सुभाष बराला ने बताया कि 22 और 23 नवंबर को गुरुग्राम में प्रदेश कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। 

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट ने भी आगामी संगठनात्मक चुनाव की तैयारी के लिए जिला प्रभारियों को जिला बैठक बुला कर संगठनात्मक चुनाव करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में बूथ कमेटियों से लेकर मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और फिर प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होता है। इस संबंध में सभी जिलों प्रभारियों को 19, 20 और 21 नवंबर को अपने अपने जिलों के अंतर्गत आने वाली सभी विधानसभाओ की बैठक करें और इन बैठक में प्रदेश स्तरीय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को बुलाया जाए। 

महा मंत्री ने कहा कि 22, 23 को गुरुग्राम में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी बैठक से पहले सभी जिलों की बैठक की जाए। गुरुग्राम में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में सभी 90 विधानसभाओं में चुनाव लडऩे वाले पार्टी के प्रत्याशियों को 22 नवंबर को बुलाया गया है और 23 नवंबर को पूरी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भाग  लेंगे।

सभी 22 जिलों के अंतर्गत आने वाली विधानसभाओं की बैठक क्रमश: जिला पलवल एवं फरीदाबाद की राष्ट्रीय सचिव डॉ सुधा यादव, गुरुग्राम व नूंह की विधायक दीपक मंगला, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ की पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, दादरी व भिवानी की पूर्व शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा, रोहतक, झज्जर की चेयरमैन गोविंद भारद्वाज, सोनीपत, पानीपत की विधायक घनश्यामदास अरोड़ा, यमुनानगर, करनाल गृहमंत्री अनिल विज, कुरुक्षेत्र, कैथल की पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी, अंबाला, पंचकूला की पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, हिसार की शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुज्जर, फतेहाबाद सिरसा की विधायक डॉ कमल गुप्ता बैठक लेंगे।

Shivam