भाजपा की समीक्षा बैठक आज, विधायक और हारे प्रत्याशियों को दिया गया न्यौता

11/22/2019 12:22:57 PM

चंडीगढ़(धरणी)-भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनावों के अनुभव जानने के लिए शुक्रवार से पार्टी के सभी 40 विधायक और हारे हुए 50 प्रत्याशियों के साथ गुड़गांव में मंथन करेगी। दो दिन तक चलने वाले इस मंथन में पार्टी की विधानसभा चुनावों में आशा के अनुरूप सीटें न आने की समीक्षा भी की जाएगी।

इस दौरान हारे हुए 50 प्रत्याशियों से जाना जाएगा कि किस कारण 75 पल्स का नारा देकर पार्टी 40 सीट ही जीत पाई। किन कारणों से आशा के अनुरूप जीत दर्ज नहीं कर पाए। यही नहीं पार्टी के पदाधिकारियों ने चार दिनों तक नेताओं,कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से जो फीडबैक लिया है,उस पर भी गहन मंथन होगा। ताकि पार्टी भविष्य में रणनीति में बदलाव कर सके।

अलग-अलग सत्रों का होगा आयोजन
भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का आयोजन आज से गुरुग्राम में होगा। दो दिवसीय बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के सभी नेता अलग-अलग सत्रों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यों पर चर्चा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी एल संतोष विशेष रूप से बैठक में मौजूद रहेंगे,हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ.अनिल जैन,मुख्यमंत्री मनोहर लाल,भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला,प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट समेत कई नेता बैठकों में शिरकत करेंगे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने बताया कि संगठनात्मक दृष्टि से संगठन के काम को और गति देने और आगे के रोडमैप के लिए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की बैठकों का आयोजन करती है। विगत माह में हरियाणा में विधानसभा चुनाव हुए हैं उस दृष्टि से यह बैठक और भी महत्वपूर्ण है। शाम 4 बजे से बैठकों का दौर शुरू हो जाएगा, पहली बैठक गुरुग्राम के सिविल लाइन में स्थित जॉन हाल में होगी।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी के सभी 40 नवनिर्वाचित विधायकों को आमंत्रित किया गया है,उसके तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव लड़े बाकि प्रत्याशियों से संगठन के पदाधिकारी चर्चा करेंगे। 23 नवंबर को बैठकों का दूसरा दौर गुरुग्राम विश्वविद्यालय गुरुग्राम में रहेगा। प्रदेश में कार्यसमिति की बैठक के लिए प्रदेश कार्यसमिति के सभी सदस्य कार्यकर्ता, सभी विधायक,सभी सांसद,विधानसभा चुनाव के सभी प्रत्याशी,सभी पूर्व विधायक समेत सभी पूर्व सांसद आमंत्रित किए गए हैं।

Isha