भाजपा व आर.एस.एस. देश को बांटने का काम कर रहे : कुमारी शैलजा
4/1/2021 9:10:26 AM
चंडीगढ़ (धरणी) : भाजपा व आर.एस.एस. देश में जाति, धर्म, क्षेत्र आदि के नाम पर देश को बांटने का काम कर रहे हैं। देश के लिए फर्जी राष्ट्रवाद बहुत घातक है और भाजपा व आर.एस.एस. ने देश को बांटने के लिए जो फर्जी राष्ट्रवाद अपनाया हुआ है हम सबको मिलकर उसका पर्दाफाश करना है। यह बातें हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कु.शैलजा ने चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस सेवा दल की बैठक के बाद आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कहीं। इसके बाद कु.शैलजा की अध्यक्षता में कांग्रेस के राज्य स्तरीय राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के पदाधिकारियों की एक बैठक का भी आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकारों के बिना सोचे-समझे लिए गए निर्णयों व गलत नीतियों के चलते आज न केवल हरियाणा में बल्कि संपूर्ण भारतवर्ष में बेरोजगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया है, अर्थव्यवस्था चौपट हो चुकी है और कृषि पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं, परंतु बड़े खेद की बात है कि भाजपा सरकार आमजन से जुड़े मुद्दों की ओर ध्यान देने की बजाय देश में आपसी भाईचारे का जो तानाबाना है, उसे तहस-नहस करने पर तुली हुई है।
कोरोना काल में सराहनीय कार्य करने वाली कांग्रेस सेवा दल से जुड़ी महिलाओं को किया सम्मानित
शैलजा ने बताया कि कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कांग्रेस सेवा दल की बैठक में कोरोना महामारी में अब तक हरियाणा कांग्रेस सेवा दल से संबंधित जिन महिलाओं ने सराहनीय कार्य किए, उन्हें सम्मानित किया गया।
आर.एस.एस. का मकसद संविधान को तहस-नहस करके देश को कमजोर करना : लालाजी भाई देसाई
पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष लालजी भाई देसाई ने कहा कि आर.एस.एस. जहरीली विचारधारा वाला एक संगठन है, जिसका मूल मकसद हमारे संविधान को तहस-नहस करके देश को कमजोर करना है। परंतु कांग्रेस सेवा दल ऐसी जहरीली विचारधारा के मंसूबे पूरे नहीं होने देगा और देश की एकता, अखंडता व सम्प्रभुता को बचाने के लिए तत्पर रहेगा।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)