विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दिल्ली में हुई BJP की उच्च स्तरीय बैठक, CM सैनी व चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान सहित कई नेता रहे मौजूद

punjabkesari.in Saturday, Jul 27, 2024 - 08:52 AM (IST)

चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा) : हरियाणा में इसी साल अक्तूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर नई दिल्ली में भाजपा नेताओं की एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में उनके आवास पर किया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सह प्रभारी सुरेन्द्र नागर, हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, पूर्व सांसद संजय भाटिया, हरियाणा भाजपा महामंत्री सुरेंद्र पूनिया एवं महामंत्री कृष्ण बेदी आदि मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी स्तर पर होने वाले आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने हरियाणा विधानसभा चुनाव जीतने और तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दृढ़ संकल्प दोहराया। चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने चुनाव की तैयारियों से संबंधित हर प्रकार के विषयों पर उपस्थित नेताओं से विस्तार से चर्चा की। सभी नेताओं ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों के कारण प्रदेश की जनता का भाजपा में  विश्वास लगातार बढ़ रहा है और प्रदेशवासी केन्द्र के बाद हरियाणा में भी फिर से भाजपा की सरकार चाहते हैं । बैठक में हरियाणा में भाजपा के कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव को भी सराहा गया। विश्वास जताया गया कि जन आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचेगी।

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि इस बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन हुआ है। अरविंद के अनुसार भाजपा के हर नेता और कार्यकर्ता तीसरी बार जीत को लेकर दिन रात मेहनत कर रहे हैं। सभी जीत को लेकर विश्वास से भरे हैं। भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि पार्टी नेताओं में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होती रहती है। इस बैठक में भी विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं ने आपस में चर्चा की है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static