भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विजयवर्गीय ने लिया फीडबैक, हर जिले में 24 घंटे बिताने के दिए आदेश(video

3/16/2018 8:59:23 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हरियाणा निवास परिसर में मंत्री, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं प्रदेश पदाधिकारियों से सरकार के कामकाज पर फीडबैक लिया। 

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार कुछ मंत्रियों तथा पार्टी पदाधिकारियों ने अपनी ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। यहां तक कह दिया कि अगर अब भी नहीं संभले तो फिर पार्टी वर्कर घर भी बैठ जाएंगे। मंत्रियों और विधायकों ने सी.एम.ओ. की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।  केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय हर तीसरे महीने होने वाली बैठक की शृंखला में इस बार विजयवर्गीय को हरियाणा का जिम्मा सौंपा गया। इससे पूर्व विजयवर्गीय ने करनाल तथा कुरुक्षेत्र में बैठकें कर फीडबैक लिया था। 

 विजयवर्गीय ने अपनी बात वर्करों पर थोपने की बजाय उनका मन टटोला। उन्हें बोलने की खुली छूट दी गई। एक पदाधिकारी ने कहा कि डी.सी. रेट की नौकरियों में भी कोई सुनवाई नहीं होती, जबकि वहां मैरिट जैसी कोई बात नहीं है।  एक नेता ने मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्त अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह स्वयं के चुनाव लडऩे की तैयारियों में व्यस्त रहते है। 

कुछ ने कहा कि मुख्यमंत्री तथा मंत्रियों के दौरों की सूचना नहीं मिलती। कैलाश विजयवर्गीय ने विभिन्न जिलों के प्रभारी मंत्रियों को अपने जिले में हर माह 24 घंटे का समय बिताने के निर्देश दिए। ताकि संबंधित जिले के संबंध में अधिक से अधिक समस्याओं का निराकरण किया जा सके तथा कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान दिलवाया जा सके।