महाराष्ट्र में अनैतिक है भाजपा-शिवसेना का गठजोड़: सुरजेवाला

2/21/2017 3:25:45 PM

हिसारृ (अरोड़ा):अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला की ओर से जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में कहा कि मुंबई में 20 वर्षों से चल रहे भाजपा व शिवसेना के गठबंधन को ‘भ्रष्ट प्रशासन’, ‘भयंकर कुप्रबंध’, ‘भीषण भ्रष्टाचार’ और ‘षड्यंत्रकारी कुशासन’ की संज्ञा देते हुए कहा कि इस गठबंधन ने मुंबई महानगर निगम को षडयंत्र और कुप्रशासन के चलते ऐसी गर्त में धकेल दिया है कि मुंबई की जनता इस मक्कार गठजोड़ से निजात पाने को बेताब हैं। सुर्जेवाला आज मुंबई में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए मीडिया से रूबरू हो रहे थे। प्रैस विज्ञप्ति में कहा गया कि देश के कुल इंकम टैक्स का 33 फीसदी यानी 2,00,000 करोड़ से अधिक अकेले मुंबई देता है और मुंबई महानगर निगम का कुल वार्षिक बजट 37,052 करोड़ रुपए एवं फिकस्ड डिपॉजिट में भी करीब 51 हजार करोड़ रुपए अतिरित जमा है।


 
उन्होंने कहा कि यह बजट देश के कई छोटे व मध्यमदर्जीय राज्यों से अधिक है। इसके बाद भी शिवसेना-भाजपा के 20 सालों के कुप्रबंधन के घावों से मुंबई की जनता को लहूलुहान कर दिया है। ‘शिवसेना-भाजपा कुप्रशासन’ के 20 सालों (1996-2016) की उपलब्धि केवल यही है ‘खत्म होता आधारभूत ढांचा, तहस-नहस जनसेवाएं’ एवं ‘मृतप्राय शहरी विकास’। एक बार फिर भाजपा, शिवसेना को ‘भ्रष्ट’ तथा शिवसेना, भाजपा को ‘भारतीय गुंडा पार्टी’ कहकर लोगों की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। पर एक दूसरे के लिए बोली जाने वाली जुबान असली में ‘कड़वा सच’ है। यह वास्तव में एक सत्तालोलुप-सिद्धांतहीन-अनैतिक गठजोड़ है। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कल के बयान से तो इस ‘मक्कार गठजोड़’ की पोल खुल गई, जब उन्होंने कहा, ‘‘हम (सेना और भाजपा) सरकार में मिलकर काम कर रहे हैं और हम मिलकर काम करते रहेंगे। सुर्जेवाला ने कहा कि भाजपा-सेना दिखावे के लिए तो एक दूसरे से ‘तलाक’ का ढोंग करते हैं, लेकिन असल में बी.एम.सी. की ‘सत्ता और संसाधन’ मिलबांटकर भोगते हैं। क्या यह सच नहीं कि आज भी भाजपा की कुमारी अलका केरकर डिप्टी मेयर के पद पर शिवसेना की मदद से चुनी व बनी हुई हैं?