भाजपा ने शुरू की मंडल व बूथों को मजबूत करने की कवायद

7/12/2018 12:27:53 PM

फरीदाबाद(महावीर गोयल): भाजपा की हाल ही में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का असर नजर आने लगा है। मिशन 2019 में सत्ता की चाबी पुन: हासिल करने के लिए इस बैठक में लिए गए निर्णयों को लागू करने का कार्य शुरु कर दिया है। इसी कड़ी में दो दिवसीय इस बैठक में भाजपा के आला नेताओं द्वारा बूथ व मंडल स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए बनाई गई रणनीति को अमल में लाना शुरु कर दिया गया है। यही कारण है कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला द्वारा फरीदाबाद के 20 मंडलों में प्रदेश स्तरीय मंडल प्रवासी कार्यकत्र्ताओं की जिम्मेवारी लगाई गई है। 

ये कार्यकत्र्ता अपने-अपने मंडलों में निरंतर प्रवास करके मंंडलाध्यक्ष व मंडल प्रभारियों के साथ मिलकर योजना बनाकर प्रत्येक बूथ पर एक मजबूट टीम का गठन करेंगे। यह टीम केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाएगी तथा यह भी सुनिश्चित करेगी कि सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है या नहीं। 

भारतीय जनता पार्टी मिशन 2019 फतेह करने के लिए बैठकें आयोजित कर रही है। हाल ही में फरीदाबाद में दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति व कोर कमेटियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी चुनावों के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक में बूथों व मंडलों को मजबूत करने का मुद्दा अहम रहा क्योंकि बूथ सबसे छोटी इकाई होती है और सत्ता के गलियारों तक पहुंचने का रास्ता इन्हीं बूथों से होकर जाता है। यही कारण है कि भाजपा ने भी बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। 
 

हर बूथ पर होंगे 5 कमल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा संगठन व पार्टी की मजबूती व प्रसार के लिए रणनीति तैयार की है तथा इस रणनीति को प्रदेश व जिला स्तर पर लागू करने की कवायद जारी है। बूथों व मंडलों को मजबूत करने के लिए हर बूथ पर 5 कमल के निशान पोते जाएंगे। 
 

Deepak Paul