बीजेपी प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, जयप्रकाश को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

10/28/2022 6:20:45 PM

हिसार: आदमपुर उपचुनाव को लेकर प्रचार जोर शोर से किया जा रहा है। हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव ने भी हिसार स्थित पार्टी कार्यालय में आदमपुर विधानसभा के सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जात पात, क्षेत्रवाद, धर्म व सम्प्रदाय की राजनीति को समाप्त करके देश को नई दिशा दी है। भारतीय जनता पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है, क्योंकि सबके सहयोग व सबके साथ से ही देश और प्रदेश का विकास संभव है।

 

 

प्रदेश प्रभारी बोले- जात पात के नाम पर  वोट हथियाना भाजपा की आदत नहीं

 

बिप्लब देव ने कहा कि जात पात, धर्म, क्षेत्रवाद व सम्प्रदाय के नाम पर राजनीति करके वोट हथियाना भाजपा की आदत नहीं है। उन्होंने कहा कि आदमपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भव्य को जीताकर जनता आदमपुर में कमल खिलाएगी। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता चुनाव तक कड़ी मेहनत करे और भव्य बिश्नोई को एक लाख वोट पार करवाकर ही दम लें। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि हमें कमल के फूल की ऐतिहासिक जीत के जरिए विपक्ष को करारा जवाब देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जयप्रकाश के रूप में गलत आदमी का चयन कर लिया है। जयप्रकाश के पिछले चुनाव का अनुभव भी जनता के लिए अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि आदमपुर की जनता को पता है कि उसने पिछले चुनाव में क्या किया है।

 

कमल के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले भव्य भाग्यशाली: बिप्लब देव

 

बिप्लब देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। पार्टी के हित के लिए कार्यकर्ता जो ठान लेते हैं, उसे पूरा जरूर करते हैं। पार्टी ने आदमपुर उपचुनाव में भव्य बिश्नोई को एक लाख वोट पार करवाने का संकल्प लिया है और उन्हें विश्वास है कि अपनी मेहनत के दम पर पार्टी यह लक्ष्य अवश्य हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि आदमपुर में भाजपा ने युवा चेहरे भव्य को प्रत्याशी बनाया है, युवा उर्जावान होते हैं, वे विधायक बनकर क्षेत्र के विकास को गति देंगे, सरकार के काम में और ज्यादा सहयोग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भव्य बिश्नोई भाग्यशाली है, जिन्हें विश्व की सबसे बड़ी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है और उन्हें कमल के निशान पर चुनाव लड़ने का मौका मिला है।

 

 

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अंत्योदय के जरिए लगातार जनता के भले के लिए काम किया है। इसी की बदौलत जनता आदमपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरों की धरती है। हरियाणा के लोग सम्मान चाहते हैं। यहां के लोगों के मन में कोई पाप नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग सेना में भर्ती होकर देश का सुरक्षा का जिम्मा उठाते है और खाद्यान्न उत्पादन करके देश को रोटी भी खिलाते हैं।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan