भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा बयान, सरकार ने निभाई जिम्मेदारी अब गेंद किसानों के पाले में

12/10/2020 3:39:32 PM

रोहतक (दीपक): कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को मनाने की सरकार हर मुमकिन कोशिश कर रही है। किसान नेताओं ने नए कृषि कानूनों में संशोधन करने के सरकार के प्रस्ताव को ठुकराते हुए आंदोलन को और तेज करने का ऐलान कर दिया है। किसानों द्वारा हाईवे ओर दिल्ली जाम के ऐलान के बाद हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष ओपी धनखड़ का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सवांद से आगे बढ़ता है, जहां सरकार किसान जत्थों की मांग मान रही है, वहीं किसानों को भी आगे आने की जरूरत है। 



हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ को लगता है कि सरकार ने किसानों की सारी आशंकाओं को दूर कर दिया है। ओपी धनखड़ का यह भी मानना है कि जितना हो सकता था सरकार आगे बढ़ी अब किसानों को आगे आकर इस कानून को स्वीकार कर लेना चाहिए। किसान आंदोलन के दौरान किसानों द्वारा दिल्ली और तमाम हाईवे को जाम करने के ऐलान के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ खुलकर मीडिया के सामने आए हैं। 

उनका कहना है कि लोकतंत्र संवाद से चलता है जहां सरकार किसानों की सभी मांगे मान चुकी है, वहीं किसान जत्था और संगठनों को भी आगे आकर इसे स्वीकार कर लेना चाहिए। ओम प्रकाश धनखड़ आज रोहतक में कार्यकर्ताओं की एक बैठक लेने के लिए पहुंचे थे।



इस दौरान उन्होंने किसान आंदोलन में राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि राजनीतिक लोग केवल अपनी रोटियां सेकने की होड़ में लगे हुए हैं। धनखड़ ने कहा कि किसानों को अब यह बात समझ में आ गई है कि सरकार उनकी सभी मांगे मान रही है। उन्होंने कहा कि जितना हो सकता था सरकार ने इन कानूनों को लेकर संशोधन किया है।

vinod kumar