BJP सोशल मीडिया पर हुई मजबूत, हरियाणा फेसबुक पेज एक मिलियन पार....
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 11:15 AM (IST)
चंडीगढ़: भाजपा हरियाणा की सोशल मीडिया पहुंच लगातार मजबूत होती जा रही है। फेसबुक पर भाजपा हरियाणा के आधिकारिक पेज ने 10 लाख (1) मिलियन) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने इस उपलब्धि को पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए डिजिटल सफलता बताया है।
बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में जनहितैषी कार्य हो रहे हैं। सरकार के जनहितैषी कार्यों और पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा की मीडिया और सोशल मीडिया टीम जनता तक सफलतापूर्वक पहुंचा रही है, जिसका नतीजा यह है कि 10 लाख लोग भाजपा फेसबुक पेज से जुड़ गए हैं।
सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक अरुण यादव ने कहा कि भाजपा हरियाणा का आधिकारिक फेसबुक पेज प्रदेश सरकार की योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और पार्टी अभियानों की जानकारी लगातार जनता तक पहुंचा रहा है। सोशल मीडिया पर बढ़ती सक्रियता और लोगों के जुड़ाव के चलते पेज ने यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली के मार्गदर्शन में सोशल मीडिया पर भी भाजपा और अधिक मजबूत हो रही है।