मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान करेगी भाजपा

5/25/2018 8:33:22 AM

चंडीगढ़(बंसल/पांडेय): मिशन-2019 की तैयारियों में जुटी भाजपा अब मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान करेगी। प्रदेश में मोदी सरकार के शासन के 4 साल के जश्न को मनाने तथा भविष्य के लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मकसद से मैदान में उतरने जा रही है। भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में प्रदेश में 26 मई से 11 जून तक चलने वाले कार्यक्रमों की शृंखला का खाका तैयार किया। इसके माध्यम से भाजपा आमजन के मध्य अपनी योजनाओं और उनके फायदे को लेकर जाएगी।

वीरवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं सांसद डा. अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, सांसद रतन लाल कटारिया, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, भाजपा संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, संजय भाटिया, संदीप जोशी मौजूद रहे। कोर ग्रुप की बैठक के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने बताया बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार के 4 साल 26 मई को पूरे होने जा रहे हैं। 

इस अवसर पर हरियाणा भाजपा 26 मई से 11 जून तक लगातार आमजन के बीच जाएगी तथा केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभ को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं पर 11 जून तक जिला स्तर पर कार्यक्रम एवं पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएंगी। 

इस कार्यक्रम शृंखला में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, सफाई अभियान एवं मोटरसाइकिल यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है तथा आगामी चुनाव में जीत की निरंतरता के लिए  कार्यकर्ता कड़ी मेहनत करेंगे तथा समाज उत्थान की योजनाओं को जनता-जनार्दन तक पहुंचाएंगे।

मोदी सरकार की उपलब्धियोंं को करेंगे सांझा 
हरियाणा भाजपा अब मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर पूरा जश्न मनाने की तैयारी में हैं। केंद्र की तमाम ऐसी योजनाएं हैं, जो पूरे देश के लिए हितकारी हैं और उनका फायदा हरियाणा को भी मिला है। 26 मई से 11 जून तक राज्य भर में संपर्क अभियान चलाकर लोगों को अवगत करवाया जाएगा कि मोदी व मनोहर सरकार ने कौन-कौन से जनहित के फैसले लिए हैं। इस अवधि में सम्मलेन व गोष्ठियां तथा बाइक रैली का आयोजन होगा। 

Rakhi Yadav