मिशन-75 पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी बीजेपी, 3 लाख पन्ना प्रमुख किए जाएगें एक्टिव!

6/9/2019 9:13:40 PM

दिल्ली (कमल कंसल): हरियाणा लोकसभा चुनाव में 10 सीटों पर जीतने के बाद भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इस कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में हरियाणा बीजेपी की कोर कमिटी की मीटिंग हुई है। इस दौरान मनोहर लाल ने बताया कि बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियो को लेकर चर्चा हुई है। वहीं बताया कि इस बार विधानसभा में बीजेपी ने 75 सीट का नारा रखा है। साथ ही जानकारी दी कि 1 जुलाई से 10 जुलाई तक सभी मंडलो की बैठक होगी। जिसमें 3 लाख के करीब पन्ना प्रमुख एक्टिव किए जायेंगे।



साथ ही मनोहर ने कहा कि जिला स्तर पर प्रबुद्ध नागरिकों और वर्गों के सम्मेलन किए जाएंगे और सभी सम्मेलनों में हरियाणा के मंत्री आएंगे और हर मंत्री को चुनाव इंचार्ज बनाया जाएगा। वहीं बताया कि संगठन मंत्री भी हरियाणा प्रवास पर आएंगे। हरियाणा में अकाली दल से गठबंधन पर सीएम ने कहा कि यह हाईकमान को तैयार करना है कि पार्टी ने अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ना या अलग। उन्होंने कहा कि कई कांग्रेस नेता पार्टी के संपर्क में हैं। यह वक्त आने पर बताया जाएगा कि कौन-कौन नेता पार्टी के संपर्क में हैं। टिकट वितरण पर सीएम ने कहा कि अभी किसी भी नेता का टिकट पक्का नहीं है।



हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विश्व योग दिवस पर 21 जून को रोहतक में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शिरकत करेंगे। मनोहर ने कहा कि हरियाणा की प्रदेश की जनता को संदेश देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी एक दिन के लिए हरियाणा में कार्यक्रम के लिए अनुरोध किया जाएगा। बैठक के दौरान हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु और विधायक व भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष सुभाष बराला व हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य भी मौजूद रहे।

Naveen Dalal