भाजपा में शामिल होंगे 4 विधायक

7/26/2019 9:24:57 AM

फरीदाबाद (महावीर) : प्रदेश में दल-बदल का सिलसिला अभी रुकने का नाम नहीं ले रहा है। विभिन्न पार्टियों से अनेक बड़े नेताओं के साथ-साथ वर्तमान विधायकों का भाजपा में शामिल होने का मामला लगातार जारी है। इसी कड़ी में प्रदेश के 4 और विधायक भाजपा का दामन थामने को तैयार हैं। इतना ही नहीं इन 4 विधायकों को पार्टी में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री ने भी हरी झंडी दे दी है।

सूत्रों के अनुसार समालखा से निर्दलीय विधायक रविंद्र कुमार,सफीदों के जसबीर,पृथला विधानसभा से बसपा विधायक टेकचंद शर्मा, एन.आई.टी. से इनैलो विधायक नगेंद्र भड़ाना किसी भी वक्त भाजपा का दामन थाम सकते हैं। एक दिन पूर्व ही उक्त विधायकों को भाजपा में शामिल होने की हरी झंडी मिली है। हालांकि उक्त चारों विधायक काफी समय से भाजपा में शामिल होने के लिए प्रयास कर रहे थे लेकिन पार्टी की तरफ से इन्हें इंतजार करने को कहा गया था।

भाजपा में राजनीतिक भविष्य बेहतर मानकर चल रहे हैं नेता
लोकसभा में सभी 10 सीटें जीतने के बाद प्रदेश में सत्ताधारी दल भाजपा लगातार मजबूती बनाए हुए है। यही कारण है कि विभिन्न दलों के बड़े चेहरों के साथ-साथ पूर्व व वर्तमान विधायक भी अपने-अपने दलों को अलविदा कह भाजपा में शामिल हो रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि चुनाव तक दल-बदल कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं का शायद रिकॉर्ड बन जाए। अब तक किसी भी पार्टी में चुनाव से पूर्व विरोधी दलों के इतनी संख्या में नेता टूट कर किसी अन्य दल में शामिल नहीं हुए हैं। 

भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं की लंबी लाइन है। सभी नेता भाजपा में अपना राजनीतिक भविष्य बेहतर मानकर चल रहे हैं। स्थिति यह है कि भाजपा अब चुन-चुनकर नेताओं को शामिल कर रही है। इसी कड़ी में 4 और विधायक भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। 

टिकट की अभी भी गारंटी नहीं
2 निर्दलीय,1 बसपा व 1 इनैलो के चारों विधायकों को भाजपा में शामिल होने के लिए टिकट के वायदे का इंतजार था। मुख्यमंत्री से टिकट की गारंटी के बाद ही ये विधायक भाजपा में शामिल होना चाह रहे थे। उधर,मुख्यमंत्री टिकट की गारंटी देने को तैयार नहीं थे। यही कारण था कि अन्य प्रदेश स्तरीय नेताओं व सांसदों की मध्यस्थता के बावजूद इन चारों विधायकों का भाजपा में शामिल होना टलता रहा।

कई बार उक्त विधायकों ने भाजपा में बिना शर्त शामिल होने का भी मन बनाया लेकिन किसी न किसी कारण से यह कार्यक्रम लंबित होता रहा। सूत्रों की मानें तो चारों विधायकों को टिकट की गारंटी अभी भी नहीं दी गई है। सूत्रों अनुसार मुख्यमंत्री ने उक्त चारों विधायकों को आश्वासन दिया कि यदि लोकप्रियता के पैमाने पर वे खरे उतरेंगे तो उन्हें टिकट दिया जाएगा लेकिन यदि ऐसा नहीं हो सका तो भाजपा सरकार में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। दरअसल,उक्त विधायकों के सामने इसके अलावा कोई रास्ता भी नहीं था इसलिए वे भाजपा में शामिल होने की सहमति दे आए हैं। 

7 अगस्त से पूर्व होंगे शामिल
भाजपा में शामिल होने को लेकर मुख्यमंत्री ने अभी कोई दिन तय नहीं किया है लेकिन सूत्रों की मानें तो जे.पी. नड्डा के हरियाणा आने के दौरान ही उक्त चारों विधायकों को भाजपा में शामिल किया जा सकता है। यदि ऐसा नहीं हो पाया तो विधानसभा सत्र दौरान चंडीगढ़ में उक्त चारों विधायकों को भाजपा में शामिल किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार 7 अगस्त से पहले-पहले उक्त विधायक भाजपा में शामिल किए जाएंगे। इसके लिए अभी कोई दिन तय नहीं किया गया है।  
 

Edited By

Naveen Dalal