केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर प्रदेश में 1 महीने तक गतिविधियां चलाएगी BJP, प्रदेश अध्यक्ष ने दी जानकारी

5/15/2023 8:08:54 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : कर्नाटक चुनाव में हार से भारतीय जनता पार्टी को इस कदर ठेस पहुंची है कि पत्रकार के सवाल पूछने पर हरियाणा प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि छोड़िए कर्नाटक चुनाव को कांग्रेस पार्टी जीत गई लेकिन यह कोई बेंच मार्क नहीं है। हालांकि बाद में उन्होंने कर्नाटक की जीत पर कांग्रेस को बधाई भी दी और बीजेपी की हार पर मंथन करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मुद्दा राष्ट्रवाद ही रहेगा।

सिरसा जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हो रहे विरोध पर ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि मामला पॉलिटिकल मोटिवेटेड हो सकता है। उन्होंने भूपेंद्र हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए कहा भूपेंद्र हुड्डा ने अपनी सुविधा मुताबिक प्रदेश में परिस्थितियां तैयार की है और अपने ही पार्टी के नेताओं को निष्क्रिय कर दिया है। भूपेंद्र हुड्डा को प्रदेश की चिंता नहीं करनी चाहिए। प्रदेश आर्थिक तौर पर मजबूत है और विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं।

केंद्र सरकार के आगामी 30 मई को 9 साल पूरे होने पर भाजपा 30 मई से 30 जून तक पूरे प्रदेश में जश्न के साथ गतिविधियां चलाएगी।  जिसमें दस रैलियों में से  दो बड़ी रैलियां भी आयोजित की जाएंगी।  साथ ही प्रदेश में मिलन नाम से विशेष संपर्क अभियान कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा संयम खोने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल धैर्यवान व्यक्ति  हैं, हमेशा संयम से काम लेते हैं, लेकिन कहीं भी मर्यादा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। यह मर्यादा मुख्यमंत्री से बात करने वालों में भी होनी चाहिए। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ सोमवार को रोहतक स्थित प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Editor

Mohammad Kumail