10 लोकसभा सीटें जीतकर जजपा करेगी केंद्र सरकार में अहम भागीदारी : दुष्यंत

4/2/2019 10:01:58 AM

टोहाना(विजेंद्र): जननायक जनता पार्टी के शीर्ष नेता एवं सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जजपा जींद उपचुनाव उपरांत प्रदेश में भाजपा का एकमात्र मजबूत विकल्प बन कर उभरी है। आए दिन भाजपा, इनैलो व कांग्रेस को छोड़कर नेतागण व पदाधिकारी जिस तरह जजपा का दामन थाम रहे हैं, वह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करके जजपा आगामी केंद्र सरकार बनाने में अहम भूमिका अदा करेगी। 

वे आज टोहाना विधानसभा क्षेत्र के पिरथला, समैण व जमालपुर सहित दर्जनों गांवों में जनसम्पर्क अभियान के तहत ग्रामीण सभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर दर्जनों लोगों ने कांग्रेस व भाजपा को छोड़कर जजपा की नीतियों में आस्था व्यक्त की। दुष्यंत ने कहा कि अब लोकसभा चुनाव में विरोधी दल नेताओं को सपने में भी जननायक देवीलाल के खड़ाऊ रूपी जजपा चुनाव चिन्ह चप्पल दिखने लगे हैं। 

उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए पूछा कि स्वामीनाथन की रिपोर्ट लागू करने, सालाना 2 लाख रोजगार देने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पंजाब के समान वेतनमान देने की बात करने वाले आखिर आज चुप क्यों हैं। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि चुनावी लाभ उठाने को, भाजपाई फिर से अच्छे दिनों के सब्जबाग दिखाने आएंगे। जो विश्वासघात भाजपा ने पिछले चुनाव में किया, वोट की चोट से उसका हिसाब चुकता जरूर करना है।

 

kamal