हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे भाजपा कार्यकत्र्ता : धनखड़

1/8/2021 10:12:26 AM

चंडीगढ़ : हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों को नहीं मिल पाता इसलिए तय किया है कि सरकार और पार्टी संगठन मिलकर जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करेंगे। सरकार की सभी योजनाओं का एक न्यूजलेटर हर महीने तैयार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने आज मुख्यमंत्री निवास पर जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकारिणी विस्तार और पंचायत चुनाव पर चर्चा हुई। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए धनखड़ ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। संगठनात्मक विषयों में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी विस्तार और कुछ मंडल स्तर पर संगठन विस्तार पर चर्चा हुई, साथ ही प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर भी बैठक में विचार विमर्श किया। पंचायत चुनाव को सिंबल पर लडऩे बारे जिला अध्यक्षों से बातचीत हुई जिसको लेकर संगठन जल्द ही निर्णय लेगा।

किसान आंदोलन में जा रहे राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले लोग
किसान आंदोलन पर धनखड़ ने कहा कि किसानों के लिए बाजार और सरकार दोनों की जरूरत है। जब बाजार में किसानों को उनकी उपज का अधिक भाव मिले तो बाजार में बेचे नहीं तो सरकार को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचे। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में अब कुछ राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले लोग जा रहे है। कुछ लाल झंडे वाले शामिल हैं और जब किसी आंदोलन में राजनीतिक इच्छाएं वाले लोग शामिल हो जाते हैं तो वह आंदोलन के जरिए अपनी राजनीति को महत्वपूर्ण बनाते हैं, किसानों के मुद्दे नहीं। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि शुक्रवार को होने वाली वार्ता सार्थक होगी। 

Manisha rana