सरकार की बजाए समाज बनाने के लिए काम करती है भाजपा: राजनाथ सिंह

8/20/2022 9:02:59 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि समाज बनाने के लिए राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व अन्य पार्टियां केवल सत्ता के लिए ही राजनीति कर रही है। पंचकूला पहुंचे राजनाथ सिंह ने अपनी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी सलाह दी कि वे आपस में भी संवाद बनाकर रिश्तों को मजबूत रखें। रक्षा मंत्री शनिवार को पंचकूला में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय ”पंचकमल” के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। राजनाथ सिंह ने अपने आधे घंटे के उद्बोधन के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ द्वारा किये जा रहे सरकार और संगठन के कार्यों की जमकर प्रंशसा की। 

 

 

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा के कार्यालय सकारात्मक संवाद और विचार प्रवाह का एक बड़ा केद्र होते हैं। यहां नीतियों पर विचार होते हैं, समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को संदेश दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदुस्तान की अकेली पार्टी है, जिसकी अपनी विचारधारा है। बीजेपी दार्शनिक तरीके से काम करती है, जिसमें समाज का हित समाहित रहता है।

 

रक्षा मंत्री ने हरियाणा सरकार की जमकर की तारीफ

 

हरियाणा सरकार और संगठन के कामकाज से गदगद राजनाथ ने कहा कोई माई का लाल नहीं हैं, जो मुख्यमंत्री व उनके कामकाज पर उंगली उठा सके। उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों में इतनी नौकरियां नहीं मिली जितनी हरियाणा की भाजपा सरकार ने सात सालों में बिना पर्ची और खर्ची के माध्यम से दी हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां 14 फसलों का समर्थन मूल्य दिया जाता है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि फसलों का भुगतान 72 घंटों के अंदर कर दिया जाता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर चलते हुए जनता के तन, मन, बुद्धि और आत्मा को तृप्ति करने वाली कार्यपद्धति से काम कर रही है। इस मौके पर उन्होंने हरियाणा की धरती को परिश्रमी व जुझारू किसानों की धरती कहा। उन्होंने कहा यहां के खिलाड़ियों ने करिश्मा कर दिखाया। 61 में 20 मेडल लाने वाला अकेला हरियाणा राज्य है। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ को को तेज तर्रार नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हरियाणा में पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है।

 

देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चल रहा काम- रक्षा मंत्री 

 

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम चल रहा है। पहले टैंक, तोप, बारूद, बंदूक व सैन्य उपकरण दूसरे देशों से मंगाए जाते थे, लेकिन मेकिंग इंडिया के तहत भारत इनका निर्माण देश में कर रहा है। मेकिंग इंडिया के तहत पहले हम 900 करोड़ का डिफैंस का सामान खरीदते थे, लेकिन अब 13 हजार करोड़ का सामान निर्यात कर रहे हैं।  राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया के देशों से तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। राजनाथ सिंह ने पार्टी के नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों को सलाह दी कि कार्यकर्ताओं से रिश्ते बनें रहें तथा उनके मान सम्मान पर कोई चोट नहीं पहुंचनी चाहिए। दार्शननिक अंदाज में बोलते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में सदा कोई नहीं रहता, यह आने जाने का क्रम चलता रहेगा। हमें किसी भ्रम में नहीं पड़ना है और कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान देना है। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan