गैस सिलैंडरों की कालाबाजारी, नियमों की अनदेखी कर घरेलू गैस का हो रहा व्यावसायिक उपयोग

punjabkesari.in Wednesday, Nov 13, 2019 - 09:47 AM (IST)

अम्बाला छावनी (हरिंद्र) : होटलों, साइंस का सामान बनाने वाली दुकानों व रेहडिय़ों सहित अन्य खान-पान का सामान तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों पर घरेलू सिलैंडर का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन संबंधित विभाग कार्रवाई करने की बजाय हाथ पर हाथ रखकर बैठा हुआ है। कमर्शियल सिलैंडर के मुकाबले कम कीमत पर मिलने वाले घरेलू सिलैंडर का गोरखधंधा अम्बाला में पूरे जोरों-शोरों से चल रहा है।

गैस सिलैंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए पैट्रोलियम मंत्रालय की तरफ से कई उपाय किए गए हैं। इसमें रसोई गैस कनैक्शन से संबंधित सभी जानकारियां जमा करने, सिलैंडर बुक करने पर उपभोक्ता के मोबाइल पर एस.एम.एस. और बैंक खाते में सबसिडी जमा करने का प्रावधान दिया गया है, बावजूद इसके घरेलू गैस सिलैंडरों का अवैध कारोबार आज भी सरेआम जारी है।

यह नजारा सोमवार निगम टीम की अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई के दौरान देखने को मिला और वो भी एस.डी.एम. कार्यालय के साथ लगते सरकारी फुटपाथ पर, जहां एक रेहड़ी संचालक धड़ल्ले से लोगों को खाने का सामान मुहैया करवाने के लिए घरेलू गैस सिलैंडर का इस्तेमाल कर रहा था।

यह तो एक उदाहरण मात्र था, बाजार में आज भी कुछ होटलों व खाने की रेहडिय़ों पर चोरी-छिपे घरेलू सिलैंडर का इस्तेमाल किया जा रहा है। अब तो यह गैस सिलैंडर साइंस का सामान बनाने वाले कारोबारी भी कर रहे हैं। लेकिन इन पर लगाम लगाने वाला विभाग हाथ पर हाथ धरकर किसी हादसे का इंतजार कर रहा है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static