माउथ फ्रेशनर खाने से मुंह से निकला खून; डॉक्टर ने बताया जानलेवा ACID, पांच की बिगड़ी तबीयत

3/5/2024 1:44:23 PM

हरियाणा डेस्कबाहर किसी भी रेस्ट्रां या किसी समारोह में खाना खाने के बाद माउथ फ्रेशनर लगभग सभी लोग खाते हैं। लेकिन इस खबर को पढ़ने के बाद माउथ फ्रेशनर खाने से भी परहेज करना पड़ेगा। मामला गुरुग्राम का है, जहां रेस्टोरेंट में 5 लोगों को खाना खाने के बाद माउथ फ्रेशनर खाना भारी पड़ गया। माउथ फ्रेशनर खाते ही उनके मुंह में जलन होने लगी। साथ ही उल्टी आने लगी। इसके बाद उनके मुंह से खून निकलने लगा। जिसके बाद सभी को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 5 में से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

डॉक्टर के अनुसार ये जानलेवा एसिड है। जिसके सेवन से जान भी जा सकती है। इसकी शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम के खेड़की दौला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंह से निकलने लगा खून

जानकारी के मुताबिक घटना 2 मार्च की है। 3 दंपती गुरुग्राम के सेक्टर 90 स्थित सफायर 90 ला फोरेस्टा रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। शिकायतकर्ता अंकित ने बताया की वो अपनी पत्नी नेहा, मानिक अपनी पत्नी प्रीतिका और दीपक अरोड़ा अपनी पत्नी हिमानी के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। खाना खत्म होने के बाद उन्हें रेस्टोरेंट की महिला वेटर अमृतपाल कौर ने माउथ फ्रेशनर ऑफर किया। अंकित ने बताया कि उसने अपनी बेटी को गोद में लिया हुआ था, जिस वजह से वो माउथ फ्रेशनर नहीं खा पाए, जबकि उसकी पत्नी समेत 5 साथियों ने माउथ फ्रेशनर खा लिया। जिसके बाद उनके मुंह में जलन पड़ने लगी। मुंह से खून निकलने लगा और उल्टी आने लगी।

रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने नहीं की मदद

जिसके बाद पांचों लोगों की तबीयत खराब होने लगी, बावजूद इसके रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने उनकी कोई मदद नहीं की। इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने खुद 100 नंबर पर फोन किया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस का इंतजार करने लगी। बाद में सभी को प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। खेड़की दौला थाना के SHO मनोज ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में जो लोग संलिप्त होंगे उन सब को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Nitish Jamwal