ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश, महिला की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ऐसे खुला राज...

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 09:16 PM (IST)

बहादुरगढ़ ( प्रवीण कुमार): पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सीआईए-1 बहादुरगढ़ और चौकी मांडोठी की संयुक्त टीम ने एक ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। 

चौकी प्रभारी मांडोठी, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि 22 मार्च को गांव मातन, जिला झज्जर के नजदीक एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। मृतका के शरीर पर चोटों के कई गंभीर निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हुआ। इस संबंध में थाना आसौदा में मुकदमा दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई। शव को शिनाख्त के लिए सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ में सुरक्षित रखवाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विभिन्न टीमों का गठन किया गया। सीआईए-1 बहादुरगढ़ और चौकी मांडोठी की टीमों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार प्रयासों के चलते पुलिस टीम ने मृतका की पहचान बहादुरगढ़ के छोटूराम पार्क क्षेत्र की निवासी के रूप में की। 

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी रिंकू पुत्र जगदीश निवासी गांव मांडोठी मृतका को पहले से जानता था और दोनों के बीच आपसी परिचय था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। झगड़े के दौरान आरोपी ने गाड़ी में रखे पाना (टूल) से महिला के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने सबूत छुपाने के उद्देश्य से शव को गांव मातन के पास फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने तत्परता व सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी की पहचान कर उसे शीघ्र काबू कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static