टर्मिनेशन की प्रतियां फूंकी

2/12/2019 11:42:16 AM

चरखी दादरी (पंकेस): अपनी मांगों व समस्याओं को लेकर सिविल अस्पताल में धरना व हड़ताल पर बैठे एन.एच.एम. कर्मियों ने सोमवार को शहर की सड़कों पर प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न कर्मचारी संगठनों के साथ मिलकर एन.एच.एम. कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष प्रकट किया। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने शहर के रोहतक चौक के समीप सरकार व विभाग द्वारा कर्मियों के खिलाफ जारी किए गए टर्मिनेशन की प्रतियां भी फूंकी। आक्रोशित कर्मचारी संगठनों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक एन.एच.एम. कर्मियों की मांगों को नहीं माना जाएगा। संघर्ष लगातार चलेगा। अपने हक को पाने के लिए कर्मचारी अब आरपार की लड़ाई के मूड में है। 

यहां बता दें कि सिविल अस्पताल में कार्यरत एन.एच.एम. कर्मी 5 फरवरी से हड़ताल व धरना प्रदर्शन किए जा रहे हैं और प्रतिदिन उन्हें अन्य विभागों के कर्मचारी संगठनों का सहयोग भी मिल रहा है। सोमवार को सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर एन.एच.एम. कर्मियों के साथ अन्य विभागों से भी कर्मचारियों ने साथ शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अपनी मांगों व समस्याओं को लेकर रोष जलूस निकाला। सड़क पर उतरे कर्मचारियों जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार की गलत नीतियों का विरोध किया। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष राजकुमार घिकाड़ा, एन.एच.एम. यूनियन जिला प्रधान अंजू बाला, सचिव कृष्णा, सुशीला श्योराण, महेंद्र व रविंद्र सिंह ने कहा कि इस हरियाणा सरकार का हठधर्मी व कर्मचारी विरोधी रवैया ऐसा हो चला है कि चाहे किसी भी विभाग का कर्मी हो उसकी उचित मांगों को मानना व उनकी समस्याओं को हल करना यह वर्तमान सत्ता पक्ष अपनी हठ समझता है।

भाजपा सरकार में बैठे लोग यह मान कर चल रहे हैं कि वे चाहे किसी भी विभाग को अपनी मनमर्जी व गलत नीतियों से चला सकते हैं लेकिन हरियाणा के कर्मी का इतिहास रहा है कि वह न तो गलत के आगे कभी झुका है और न ही झुकेगा। सरकार चाहे कितना भी कठोर रवैया अपना ले अपनी जनहित की लड़ाई हमेशा जोश के साथ लड़ी जाएगी, अपने हकों के लिए कर्मचारियों को कितना भी बड़ा बलिदान देना पड़े वे पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान सभी ने कच्चे कर्मियों को पक्का करने, समान काम समान वेतन, कैशलैस मैडीकल सुविधा, सेवा सुरक्षा नियम बनाना, वेतन विसंगतियों को दूर करते हुए 7वें वेतन आयोग का लाभ देना सहित अन्य मांगों को पुरजोर तरीके से सभी कर्मियों ने उठाया। धरने को पूर्व विधायक नृपेंद्र सांगवान के पी.ए. कैप्टन सतबीर सिंह, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष रिम्पी फौगाट व जोगेंद्र बेनीवाल आदि ने समर्थन दिया। 

Deepak Paul