अमित शाह के आगे पेश किया जाएगा ब्लू प्रिंट

7/29/2017 8:28:49 AM

चंडीगढ़(बंसल):हरियाणा में भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव करवाने का फैसला तो ले लिया गया, लेकिन इसके साथ ही चुनावी रणनीति तैयार करने का ताना-बाना भी शुरू हो गया है। सूत्रों की मानें तो भाजपा की नजरें नई वोटों पर हैं जिसके लिए वोटों का खाका तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल  खट्टर के विश्वस्त वोटो का प्रिंट तैयार करने में जुटे हैं और बताया जा रहा है पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आगे यह ब्लू प्रिंट पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री के विश्वस्त जानकारी जुटा रहे हैं कि 2014 के बाद प्रदेश में कितनी नई वोटें किस-किस क्षेत्र में बनी हैं। 

भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि कुछ खास क्षेत्रों में भाजपा का प्रभाव बढ़ा है और गांवों में भाजपा समर्थकों की संख्या बढ़ी है, जिनकी सूची तैयार की जा रही है। इतना ही नहीं भाजपा अपने नए समर्थकों में ऐसे लोगों की सूची भी जुटा रही है जो लोगों के बीच में विशेष प्रभाव रखते हैं या वोटों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।