शहीद सैनिकों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने के लिए खोलेंगे बोर्डिंग स्कूल: बाबा रामदेव

4/9/2017 6:19:23 PM

महेंद्रगढ़ (प्रदीप बालरोडिया):योग गुरु स्वामी रामदेव कई वर्षों बाद अपने गृह जिले महेन्द्रगढ़ में पंहुचे। स्वामी रामदेव महेन्द्रगढ़ में बीएसएफ के डीआईजी सुमेरसिंह के रिटायमेन्‍ट समारोह में शरीक होने आये थे। स्वामी रामदेव का शहीद राव तुलाराम चौक पर लोगों ने जोरदार स्वागत किया। स्वामी रामदेव ने राव तुलाराम की प्रतिमा पर फूल अर्पित किये। स्वामी रामदेव को बग्गी में बैठा कर समारोह स्थल पर ले जाया गया। पतंजलि योग समिति व स्वाभिमान ट्रस्ट के कार्यकर्ता बाइकों पर झंडे लगा कर रोड शो में चल रहे थे। 

शहर में जगह-जगह स्वामी रामदेव का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में स्वामी रामदेव ने लोगों को दैनिक जीवन  में योग को अपनाने की सलाह दी और कहा की लोगों को भोगी नहीं योगी बनना चाहिए। उन्होंने मंच पर योग क्रियाएं भी की। स्वामी रामदेव ने कहा कि मल्टीनेशनल कंपनियों ने देश को लूटने का काम किया है। तीन साल के अंदर मल्टिनेशनल कंपनियों  का शीर्षासन हो जाएगा।  

स्वामी रामदेव ने कहा कि अहीरवाल का ये क्षेत्र वीर बांकुरो का रहा है। देश की आजादी से पहले व बाद में भी सबसे ज्यादा यहां के जवानों ने शहादत दी है। शहीद सैनिकों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने के लिए महेंद्रगढ़ में बोर्डिंग स्कूल खोला जाएगा। जिसमे शुरुआत में दो हजार बच्चों को दाखिला दिया जायेगा। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रामबिलाश शर्मा, विधायक अभयसिंह, विधायक ओमप्रकाश यादव, पर्व मंत्री राव नरेन्द्रसिंह , पूर्व सांसद सुधा यादव, पूर्व विधायक राव बहादुरसिंह, पूर्व विधायक नरेश यादव सहित अनेकों लोगो ने शिरकत की।