पानीपत में दोस्ती शर्मसार: होली पर घर से बुलाकर ले गया दोस्त, रेलवे ट्रैक पर नग्न अवस्था में मिला युवक का शव
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 03:30 PM (IST)
पानीपत(सचिन): हरियाणा के पानीपत जिले के महमदपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ होली के दिन से लापता 23 वर्षीय युवक कालू का शव रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। शव की हालत और शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, होली के दिन कालू अपने घर पर शांति से बैठा हुआ था। उसी समय गांव का ही रहने वाला उसका एक दोस्त उसे अपने साथ ले गया। जब शाम तक कालू घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने उस दोस्त से संपर्क किया, जिसके साथ कालू गया था। काफी खोजबीन के बाद कालू का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। चौंकाने वाली बात यह थी कि मृतक का शव नग्न अवस्था में था और शरीर पर गहरे चोट के निशान थे। शव की ऐसी हालत देखकर ग्रामीणों और परिजनों में भारी रोष है। परिजनों का सीधा आरोप है कि कालू की बेरहमी से हत्या की गई है और इसमें उस दोस्त का हाथ है जो उसे घर से बुलाकर ले गया था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट: मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए शव को सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है जो कालू को आखिरी बार घर से ले गया था।