खेदड़ पॉवर प्लांट में बॉयलर का क्लिंकर फटा, 6 मजदूर बुरी तरह से झुलसे(VIDEO)

5/8/2018 7:30:56 PM

उकलाना(पासा राम): बरवाला के खेदड़ पॉवर प्लांट में बॉयलर का क्लिंकर फटने से हादसा हो गया। हादसे की चपेट में प्लांट में काम कर रहे छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सभी मजदूरों को हिसार के निजी अस्पताल मेें भर्ती करवाया गया। जहां पर सभी का इलाज चल रहा है। 

प्लांट में बॉयलर का क्लिंकर गिर गया। इस क्लिंकर में गर्म राख और जलते हुए कोयले के कण होते हैं। इसकी चपेट में काम कर रहे छह मजदूर आ गए। हादसा करीब दोपहर के तीन बजे हुआ। हादसे में झुलसने वाले मजदूरों की पहचान विक्रम, अमित, सतबीर, जगदीप सभी खेदड़ निवासी और मनोज पाबड़ा और छोटेलाल के तौर पर हुई है। 

बिना नियम भी अंदर भेजे गए मजदूर
सोमवार की रात करीब 12 बजे एक यूनिट में तकनीकी फाल्ट आने से यूनिट को बंद किया गया था। यूनिट को बंद करने के बाद इंधन गर्म होने की स्थिति मेंं अगले 48 घंटे तक यूनिट के अंदर नहीं जाना होता। मगर दोपहर ही एक अधिकारी के कहने पर मजदूरों को बॉटम एस की सफाई के लिए यूनिट एक के अंदर भेज दिया गया।

इस दौरान काम चल ही रहा था कि उनके उपर गरम राख आ गिरी। इसके चलते मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हैरत की बात ये है कि हादसे के बाद मजदूरों को प्राथमिक उपचार सहायता भी नहीं दी जा सकी। क्योंकि प्लांट में इसके लिए सामान ही उपलब्ध नहीं था। अब देखना ये है कि जांच करने पर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाती है या नहीं। 

Deepak Paul