पत्नी पर फेंकी उबलती चाय बेटी पर जा गिरी, झुलसी मासूम बच्ची

10/9/2019 12:56:13 PM

रेवाड़ी (ब्यूरो) : घरेलू कलह के चलते एक युवक ने आवेश में आकर अपनी पत्नी पर बन रही उबलती हुई चाय फैंक दी। पत्नी तो बच गई लेकिन वह चाय 6 साल की बेटी पर जा गिरी जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। आरोपी पति फरार है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यह मामला रोहड़ाई थाना क्षेत्र के गांव गादला का है।

महिला खामोश देवी ने पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में कहा कि उसका पति सुनील बीती देर शाम के समय घर पहुंचा और उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। पहले उसने उसकी जमकर पिटाई की और फिर गुस्से में आकर उबलती हुई चाय उसके ऊपर फैंक दी।

पत्नी ने समय रहते इस चाय से स्वयं को तो बचा लिया लेकिन उसकी चपेट में 6 साल की बेटी आयशा आ गई। चाय गिरने से वह बुरी तरह झुलस गई। शोर सुनने पर पड़ोसी एकत्रित हो गए।उन्होंने गंभीर हालत में बेटी को अस्पताल में भर्ती करवाया। इस दौरान सुनील अपनी पत्नी को धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

Isha