क्लब में इंट्री नहीं देने पर बाउंसरों को धुना, जान से मारने की धमकी

2/22/2024 7:33:14 PM

गुडग़ांव, (ब्यूरो): सेक्टर-29 थाना एरिया स्थित एक क्लब में इंट्री नहीं दिए जाने से गुस्साए युवकों द्वारा क्लब के बाउंसरों से मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। हमले में घायल तीन बाउंसरों को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।


पुलिस को दी शिकायत में हिसार के बालसमंद निवासी भारत ने कहा कि वह गुडग़ांव में कन्हैई गांव में किराए पर रहता है। वह सेक्टर-29 स्थित स्ट्राईकर क्लब में बाउंसर है। बीती रात को वह क्लब में अपनी डयूटी पर तैनात था। करीब 10.15 बजे बिसर गांव के मिंटू, कपिल, कवि सहित आधा दर्जन युवक वहां पहुंचे। भारत ने उनसे कहा कि क्लब में सिर्फ कपल की इंट्री है और उसने युवकों को क्लब में प्रवेश नहीं करने दिया।

 

युवक उसके साथ गाली-गलोच करके चले गए। करीब दस मिनट बाद ही सभी युवक क्लब आए और भारत पर हमला कर दिया। उन्होंने जमकर भारत से मारपीट की। भारत के शोर मचाने पर क्लब के अन्य बाउंसर दीपक व मनीष उसे बचाने के लिए आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। हमले में घायल बाउंसर भारत, दीपक व मनीष को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।

Content Editor

Pawan Kumar Sethi