हरियाणा: Boxer पूजा बोहरा ने जींद के आकाश के साथ लिए सात फेरे, रिश्ते में बदली Facebook पर हुई दोस्ती

2/23/2023 9:12:16 AM

भिवानी : हरियाणा के भिवानी जिले की अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा बुधवार रात को जींद के आकाश के साथ शादी के परिणय सूत्र में बंध गईं। दोनों ने अग्नि को साक्षी मानते हुए सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने के सात वचन लिए। उनकी शादी में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच, सेलिब्रेटी के साथ प्रदेश के कई नेताओं ने शिरकत की।

बताया जा रहा है कि पूजा बोहरा राजस्थानी लहंगे में काफी खूबसूरत नजर आ रही थीं। बुधवार सुबह शादी समारोह में हिसार से पूजा के मामा नरेंद्र लांबा, रविंद्र अपने परिवार के साथ भात लेकर आए। जींद जिले के गांव बड़छप्पर से शाम को सात बजे आकाश बरातियों के साथ भिवानी स्थित विदाई वाटिका में पहुंचे। 



पूजा को खली पिता की कमी

बॉक्सर पूजा के पिता राजबीर सिंह हरियाणा पुलिस में एसआई पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनका पिछले साल निधन हो गया था। शादी के अवसर पर पूजा को पिता की काफी कमी खली और वह भावुक भी हो गई। पूजा की मां दमयंती गृहिणी हैं। 



पूजा ने बताया कि 19 अगस्त 2019 को फेसबुक पर उनके पास पहली बार आकाश का मैसेज आया था। इसके बाद उनकी बातचीत शुरू हुई। वर्ष 2020 तक आते-आते बातचीत प्यार में बदल गई। पूजा ने यह बात अपने परिवार वालों को बताई। दोनों परिवारों ने उनके रिश्ते को कबूल कर लिया। वहीं महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा हरियाणा सरकार के भीम अवॉर्ड से भी सम्मानित है। उन्होंने अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीते हैं। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana