सीएम की कार्रवाई से खुश हुए ब्राह्मण समाज के लोग, रोड शो में बढ़-चढ़कर लेंगे भाग

5/17/2018 5:49:18 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी):  हरियाणा में ब्राह्मण समाज के विरोध के चलते मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज उनके साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने ब्राह्मण समाज के लोगों को मनाने के लिए कुछ कड़े फैसले लिए। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के चेयरमैन को सस्पेंड किया व साथ ही एग्जामिनर को भी हटाकर उसके खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश दे दिए है। इतना ही नहीं उन्होंने अरिहंत पब्लिकेशन की किताब के खिलाफ भी कार्रवाई करने के आदेश दिए है I

पौने 4 साल की सरकार में सीएम मनोहर लाल ने कभी भी सरकार के खिलाफ विरोध करने वालों की बात नहीं सुनी। मगर वह आज पहली बार ब्राह्मण समाज के आगे झुकते नजर आए। उन्होंने ब्राह्मणों को मनाने के लिए उनकी सभी जायज मांगों को मान लिया है। साथ ही कहा कि सरकार का कोई मकसद नहीं है कि वह ब्राह्मण समाज के लोगों को नाराज़ करें और एसएससी में पूछे गए सवाल वाकई गलत थे, जिसके लिए वह खुद भी माफी मांगते हैं।

ब्राह्मण समाज ने मुख्यमंत्री के आश्वासन तथा अमल में लाई गई इस कार्रवाई से खुश होकर अपने धरने को समाप्त करने की घोषणा कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि हिसार में होने वाले सीएम के रोड शो में वह बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। ताकि मुख्यमंत्री का वर्चस्व ऐसे ही कायम रहे। 

वहीं सरकार की तरफ से कार्यवाही का पक्ष रखते हुए शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा ने कहा कि सरकार ने ब्राह्मण समाज की मांगों को सिर माथे लगाकर कहीं ना कहीं ब्राह्मण समाज के मान सम्मान को बढ़ावा दिया है। वैसे तो इस सरकार में ब्राह्मण विधायकों के साथ- साथ प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री रामबिलास शर्मा की अनदेखी होती आई है। लेकिन आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल कहीं-न-कहीं रामविलास शर्मा के पक्ष में खड़े हुए नजर आए।

Rakhi Yadav