सुरक्षा लेने के लिए ड्रामा कर रहे है दलाल : अभय चौटाला

9/14/2018 9:28:23 AM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने विधानसभा के मानसून सत्र में हुए कांग्रेस विधायक करण सिंह दलाल के साथ तनातनी पर कहा कि कांग्रेस विधायक ने सुरक्षा लेने के लिए यह ड्रामा रचा है और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने विधानसभा सत्र से वॉकआऊट करवाने के लिए करण दलाल को मोहरा बनाया। साथ ही उन्होंने गोली मारने वाले बयान पर कहा कि कांग्रेस विधायक ने उनके दादा जन नायक चौधरी देवीलाल व पिता चौधरी ओमप्रकाश चौटाला पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिस पर उन्हें गुस्सा आ गया और यह बात कही। विधानसभा सत्र के दौरान उन्होंने काफी देर तक कांग्रेस विधायक करण सिंह दलाल को नजरअंदाज किया लेकिन वह अपनी सारी सीमाएं लांघ गए।

अब जनता वोट की चोट से करण दलाल को राजनीतिक मौत सुला देगी क्योंकि हरियाणा की जनता स्वर्गीय चौधरी देवीलाल को मसीहा मानती है। वीरवार को नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला रोहतक पहुंचे और नए बस स्टैंड स्थित पार्टी कार्यालय में इनैलो-बसपा कार्यकत्र्ताओं की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 25 सितम्बर को गोहाना में जन नायक ताऊ देवीलाल के 105वें जन्मदिवस पर सम्मान दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में बसपा सुप्रीमो बहन मायावती भी शिरकत करेंगी और वह मुख्यवक्ता होंगी। इनैलो-बसपा के गठबंधन से कांग्रेस व भाजपा पूरी तरह से बौखला गई है और इसी गठबंधन को लेकर करण सिंह दलाल ने ड्रामा रचने के लिए बहन मायावती को भी पत्र लिखा है लेकिन बसपा सुप्रीमो में ऐसे नेताओं की असलियत जानती हैं। 

कांग्रेस विधायक ने जो पुलिस को शिकायत दी है, वह केवल पब्लिसिटी व सुरक्षा की मांग के लिए करवाया गया है। बसपा प्रदेश उपाध्यक्ष नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि आज भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है, खासकर व्यापारी वर्ग में भारी रोष है। इनैलो जिला अध्यक्ष सतीश नांदल ने कहा कि भाजपा ने सता में आने से पहले प्रदेश की जनता से 154 वायदे किए थे लेकिन सवा 4 साल बीत जाने के बाद भी एक भी वायदा पूरा नहीं किया। भाजपा पहली ऐसी सरकार है जिससे इतने कम समय में लोगों का मोह भंग हो चुका है और आगामी चुनाव के इंतजार में है, ताकि वोट की चोट से भाजपा को सता से उखाड़ फैंका जा सके। उन्होंने दावा किया कि अगली सरकार इनैलो-बसपा की होगी।

Rakhi Yadav