कांस्य पदक विजेता साक्षी की मां ने सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल, बोली- बेटी के सम्मान में...

1/26/2022 12:25:10 PM

रोहतक : रियो ओलिम्पिक में कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक की मां ने प्रदेश सरकार की वायदा खिलाफी पर कई गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि 5 साल पहले पदक जीतकर लौटी बेटी के  सम्मान में सरकार ने ईनाम स्वरूप कई घोषणाए की थी, जिनमें से आधी से अधिक घोषणाएं, आज भी घोषणा मात्र ही है। सरकार ने जो वायदे किए थे, वो अधूरे ही है, जिससे परिवार के सदस्यों में सरकार के प्रति रोष व्याप्त है।

साक्षी मलिक की मां सुदेश ने बताया कि जिस बेटी ने 5 साल पहले देश का मान रियो ओलिम्पिक में पदक जीतकर बढ़ाया था, अब उसकी प्रदेश सरकार नहीं सुन रही है। उनका कहना है कि बेटी ने तिरंगे की शान को विश्व में उंचा किए 5 साल हो गए, लेकिन उनकी मां को अब तक प्लॉट के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। सुदेश मलिक ने बताया कि सरकार ने अभी तक के वायदे के मुताबिक उनका प्रमोशन भी नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि वे महिला व बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर हैं, जिनको अधिकारी पद पर प्रमोशन देने के वादा किया था। उनका कहना है कि 5 साल बाद भी वायदे-वायदे ही बनकर रह गए हैं। कई बार चंडीगढ़ व गुरुग्राम के चक्कर लगा चुकी हैं। मुख्यमंत्री मनोहरलाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व खेल मंत्री संदीप सिंह से भी गुहार लगा चुकी हैं। लेकिन, कोई कार्य पूरा नहीं हुआ है। बता दें कि रियो ओलिम्पिक-2016 में उन्होंने देश की महिला पहलवान के तौर पर भी पहला कांस्य पदक जीता था। उनकी उपलब्धि पर देश ही नहीं, प्रदेश सरकार भी फूली नहीं समाई थी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana