यूं खींच ले गई मौत... होली पर बहन के घर शगुन देने गए भाई के साथ हुआ भयानक हादसा, परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 10:51 AM (IST)
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में बकाली गांव के पास सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। यहां पीछे से तेज रफ्तार में आई बाइक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी थी। बाद में आरोपी खेत में गिरी बाइक को निकालने का बहाना बना फरार हो गया। युवक अपनी बहन के घर होली के त्योहार का शगुन देने आया था।
मृतक की पहचान सचिन कुमार निवासी वार्ड-7 पानीपत के रूप में हुई। सचिन अपने घर में अकेला कमाने वाला था। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सचिन होली का शगुन देकर बाइक पर वापस अपने घर पानीपत जा रहा था। टक्कर के बाद सचिन बेहोश हो गया।
मनोज कुमार निवासी मेहरा ने पुलिस को बताया कि उसके भाई राहुल की शादी पानीपत की वंदना से हुई थी। उसके भाई का साला सचिन होली का त्योहार मनाने घर आया था। दोपहर का खाना खाने के बाद सचिन अपनी बाइक पर सवार होकर पानीपत के लिए निकला था। इसी दौरान बकाली गांव के पास पीछे से आई बाइक ने तेज स्पीड में ओवरटेक करने की कोशिश करते हुए सचिन की बाइक को टक्कर मार दी। वह बाइक से उछलकर सड़क पर सिर के बल गिर पड़ा। टक्कर मारने वाला अपनी बाइक के साथ पास के खेत में जा गिरा। रातभर इलाज के बाद सुबह सचिन ने दम तोड़ दिया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)