BSF जवान की घरेलू कलह के चलते सुआ घोंप कर हत्या, परिवार का था इकलौता चिराग

4/7/2021 8:44:20 AM

उचाना मंडी : गांव सुरबरा में छुट्टी आए बी.एस.एफ. सैनिक की घरेलू कलह के चलते उसकी पत्नी तथा साले व कुछ अन्य लोगों ने सुआ घोंप कर हत्या कर दी। मृतक बी.एस.एफ. कर्मी गत 28 मार्च को एक माह की छुट्टी लेकर घर आया था। गांव सुरबरा निवासी संदीप (34) बी.एस.एफ. में मणिपुर में तैनात था। गत दिवस संदीप की पत्नी ऊषा से कहासुनी हो गई। जिस पर ऊषा ने अपने भाई प्रेम नगर भिवानी निवासी मनदीप व अन्य को बुला लिया।

बीती रात मनदीप अपने 2 अन्य दोस्तों के साथ गांव सुरबरा पहुंचा जहां पर उनकी संदीप के साथ कहासुनी हो गई और नौबत मारपीट तक जा पहुंची। इसी बीच ऊषा अपने 2 बच्चों को लेकर मकान के बाहर खड़ी भाई की गाड़ी की तरफ बढ़ गई। संदीप भी उनके साथ गाड़ी तरफ चला गया। उसी दौरान संदीप के साले मनदीप ने अपने पास मौजूद सुए से संदीप की छाती पर वार कर दिए जिससे वह गंभीर घायल हो गया।

घटना को अंजाम देकर मनदीप व उसके साथी फरार हो गए। परिजन संदीप को सामान्य अस्पताल नरवाना ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि मृतक के पिता नफे सिंह की शिकायत पर पत्नी ऊषा, साले मंदीप को नामजद कर 4 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज कर लिया है।

परिवार का था इकलौता चिराग
मृतक के पिता नफे सिंह ने बताया कि उसके बेटे की शादी 14 वर्ष पहले प्रेम नगर भिवानी निवासी ऊषा के साथ हुई थी। दोनों के लड़की हर्षा (12) तथा लड़का मयंक (9) हैं। शादी के 4 साल बाद संदीप बी.एस.एफ. में भर्ती हो गया था। जब भी संदीप घर छुट्टी आता था तो उसकी पत्नी ऊषा अक्सर झगड़ा करती थी। 5 अप्रैल को दोनों में कहासुनी हुई तो ऊषा ने फोन कर मायके से भाई मनदीप व अन्य को बुला लिया जिन्होंने देर रात सुआं घोंप कर उसके बेटे की हत्या कर दी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana